May 20, 2026
008

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अप्रेल 2023। शहीदों की चिताओं पर लगेगें हर बरस मेले, यह चरितार्थ हुआ शनिवार को गांव सोनियासर गोदारान में जहां कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद होने वाले सैनिक हेतराम गोदारा के स्मारक एवं प्रतिमा का अनावरण करने हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचें। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान ही किसान सम्मेलन भी आयोजित किया गया। जिसमें पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के आह्वान पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान पहुंचे। सभी ने सामूहिक रूप से शहीद हेतराम गोदारा के जयकारे लगाए एवं देश पर मर मिटने वाले जवानों एवं किसानों का सम्मान केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा कम करने का आरोप लगाया। किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सामाजिक सुरक्षा योजना को आम आदमी का हक बताया एवं केन्द्र सरकार द्वारा भी पेंशन योजना को लागू करने की मांग की। इस दौरान गहलोत ने राजस्थान में सबसे अधिक लोक-कल्याणकारी सरकार बताते हुए योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इससे पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने भी अपना संबोधन देते हुए आगामी चुनावों में किसान, जवान के सम्मान की सुरक्षा के लिए कांग्रेस सरकार को रिपीट करने का आह्वान किया। इससे पहले पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने स्वागत करते हुए शहीद की स्मृति में गांव में उपस्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र में क्रमोन्नत करने की मांग एवं इस मांग को मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूरा भी किया। कार्यक्रम में कांग्रेसी नेता विमल भाटी ने भी संबोधन दिया एवं केन्द्र सरकार की विफलताएं, जनविरोधी नितियों को गिनवाते हुए राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। सरपंच गोरधन खिलेरी, सरपंच रामेश्वर दुसाद ने भी विचार व्यक्त किए व मंच संयोजन शिक्षाविद विजयराज सेवग ने किया। मंच पर प्रधान सावित्री देवी गोदारा भी मौजूद रही एवं शहीद परिवार के राजाराम गोदारा एवं जगदीश गोदारा ने सभी का आभार जताया।
अजय हुड्डा ने गाए गाने, दी श्रृद्धांजलि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद हेतराम गोदारा के साथ सेना में बतौर सैनिक देश की सेवा करने वाले एवं वर्तमान में हरियाणवी गीतों के प्रसिद्ध गायक अजय हुड्डा भी सोनियासर गोदारान पहुंचें। हुड्डा ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि चढ़ाते हुए उनके साथ बिताए संस्मरणों को साझा किया। हुड्डा ने हेतराम गोदारा के शहादत वाले आपरेशन के बारे में बताया तो मौजूद सभी लोगों की आंखें भर आई एवं सभी ने गर्वित होकर जम कर नारे लगाए। इस मौके पर हुड्डा ने युवाओं की मांग पर जिंदाबाद जवानी, जिंदाबाद किसानी व मोदीजी थारी तोप कठे हम दिल्ली आले ये दोनो गीत गाकर सुनाए, जिस पर युवाओं ने जम कर हूटिंग की।
नहीं किया शिविर का अवलोकन, धरी रह गई तैयारियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सोनियासर गोदारान में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रस्तावित था कि वे महंगाई राहत कैम्प का अवलोकन करेगें। स्थानीय प्रशासन ने इस अनुसार तैयारियां भी जोरों शोरों से की एवं सभी विभागों के एमडी स्तर तक के उच्चाधिकारी कैम्प में मौजूद रहे। लेकिन मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद किसान सम्मेलन में भाग लिया एवं वहां से सीधे ही हैलीपैड पर चले गए। ऐसे में कैम्प में सुबह से बैठी महिलाओं को निराशा हुई एवं मुख्यमंत्री से मिलने की उम्मीद धरी रह गई। कैम्प के लिए बड़े टेंट सहित लाखों रुपए लगा कर किए गए ताम झाम कुछ काम नहीं आए।
ये रहे सक्रिय।

भीड़ जुटाने में सफल रहें नेता।  
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान सम्मेलन में क्षेत्र के कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे एवं भीड़ जुटाने में सफल भी रहे। कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष श्रीराम भादू, पूर्व अध्यक्ष मूलाराम थोरी, भगवाननाथ सिद्ध, ओमप्रकाश गरूआ, राजेश मंडा, प्रभूराम गोदारा, सीताराम बाना, रामनिवास ज्याणी, सुरेन्द्रसिंह कंस्वा, हरिराम बाना, मूलाराम भादू, सोहन महिया, रिड़ी सरपंच हेतराम जाखड़, बाना ओमप्रकाश बाना, उदरासर सरपंच किशन गोदारा, मोमासर उपसरपंच जुगराज संचेती, मिंगसरिया सरपंच किशनाराम राणा, कस्बे के कार्यकर्ता संजय करनाणी, कन्हैयालाल सोमाणी, प्रह्लाद सोनी, संदीप मारू, यूसुफ चुनगर, दाऊद काजी, कालूराम वाल्मिकी, भंवरलाल सारण, प्रकाश दुसाद, अयूब दमामी, अजीज सब्जीफरोश, शिवप्रसाद नाई, सत्यनारायण जाट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता आयोजन में शामिल हुए। वहीं प्रधान प्रतिनिधि केशराराम गोदारा सम्मेलन की तैयारियां पूर्ण करवा कर धीरदेसर चोटियान के कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद हेतराम गोदारा की प्रतिमा का अनावरण किया सीएम ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अजय हुड्डा दी प्रस्तुति, तो युवाओं ने किया कैमरों में कैद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान सम्मेलन में सीएम ने पीएचसी की घोषणा की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद के पिता का सम्मान किया सीएम ने, पुत्र के सिर पर फेरा हाथ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने किया सीएम का स्वागत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान सम्मेलन में उमड़ी भीड़।