






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 मई 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र वासियों के लिए बड़ी खबर जयपुर से आई है। क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि, अनेक सामाजिक संगठन व सामाजिक कार्यकर्ताओं का ट्रोमा के लिए किया जा रहा संघर्ष अब साकार रूप लेने की ओर बढ़ रहा है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की ओर एक कदम आगे बढ़ गई है और हजारों मरीजों को अब शीघ्र राहत मिल सकेगी। गहलोत सरकार ने बजट घोषणा 2023-24 के क्रियान्वयन के अंनर्गत ट्रोमा सेंटर खोले जाने के लिए भवन निर्माण, पद सृजन, उपकरण खरीद के लिए वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर दी है। जारी आदेश में राज्यभर में 11 ट्रोमा सेंटरों के लिए प्रति सेंटर हेतु 16 पदों का सृजन किया गया है। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेवाओं के लिए वरीष्ठ सर्जन के 2 पद, पीजी हड्डी चिकित्सा अधिकारी 3, कनिष्ठ विशेषज्ञ 1 पद तथा द्वितीय नर्स श्रेणी के लिए 10 पदों की स्वीकृति जारी की गई है। सरकार ने भवन निर्माण के लिए 2 करोड़, उपकरण खरीद के लिए 1 करोड़ 7 लाख की स्वीकृति जारी की। बता देवें क्षेत्र में लगातार विभिन्न स्तर पर ये मांग निरंतर उठ रही थी। विधायक गिरधारीलाल महिया व पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ने क्षेत्रवासियों को ये बड़ी सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।




