






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मई 2023। इस खबर को पांच कॉलम में बनाया गया है जिससे आप अपने आस पास हो रही छोटी बड़ी अनेक चोरियों की वारदातों के साथ आज युवाओं द्वारा किए गए एक छोटे से सराहनीय प्रयास के बारे में जान सकें और रहें सतर्क ताकि हो सके सुरक्षा।
1- बीती रात जयसिंहदेसर मगरा गांव में चोर घुसे और एक दर्जन से अधिक गांवों में चोरी का प्रयास करते हुए गुमानाराम खींचड़ के घर नगदी, जेवरात चोरी कर वारदात को अंजाम दिया। पांचू व गजनेर थाने की पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची।
2- निकटवर्ती बीदासर उपखंड के गांव उढ़वाला में सोमवार रात किसान परिवार में घर चोरों ने बड़ी चोरी करते हुए जेवरों व नगदी पर हाथ साफ किया। ग्रामीणों ने रोष जताया व चोरों को पकड़ने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया तो डीएसपी ने मौके पर पहुंच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
3- गांव गोपालसर में गत 9 मई को सत्तुराम बुडिया के घर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। किसान परिवार में खून पसीने की गांधी मेहनत की कमाई से घड़वाए हुए गहने लूट लिए। किसान को करीब 30 लाख का नुकसान हुआ।
4- सराहनीय जागरूक प्रयास- पुलिस कर्मियों के सोशल साइट्स पर चोरों से सतर्क रहने, संदिग्धों के नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील के स्टेटस आप सभी देख रहें है। कहीं कहीं आपने पादरी गैंग के चोरो के आने व चुरू बीकानेर क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देने के msg भी देखें है। परंतु कतरियासर मन्दिर से लेकर आमजन को शिकार बनाने वाले चोर पुलिस की गिरफ्त से आजाद है व पुलिस के हाथ खाली है।
5- गांव सोनियासर मिठिया, युवाओं की एक टोली, खेत के रास्ते अलसुबह से भरी दुपहरी तक संदिग्धों का पीछा किया, सभी को इंयारा कैम्प पर गाड़ी में बिठा कर सांडवा थाने के सुपुर्द किया। सांडवा थाने से एएसआई मोरसिंह ने टाइम्स को बताया कि संदिग्धों के पास जमीन खुदाई के यंत्र थे और उन्होंने सेरूणा थाने इलाके के गांव गोपालसर का होना बताया। इस पर पूछताछ करते हुए इन्हें सेरूणा थाना सुपर्द कर दिया गया। ये बानगी है सतर्क ग्रामीणों की जिन्होंने अपने गांव की रोही में संदिग्धों को घूमते देखा तो इनका पीछा किया। सरपंच नंदकिशोर ने बताया कि इनका पीछा करने व पूछताछ के दौरान ये संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो हमने थाने पहुंचा दिया। इस टोली में श्यामलाल ज्याणी, भंवरलाल ज्याणी, रिछपाल मुड़, राजु ज्याणी, गोविंद ज्याणी, कानाराम मुड़, रामनिवास मुड़, गोविंदराम ज्याणी, नानुराम मुड़, राकेश ज्याणी, शंकरलाल मुड़, हेतराम ज्याणी, पुनम ज्याणी व भंवरलाल जोशी शामिल रहें। इन युवाओं ने अपने गांव की सुरक्षा के लिए सचेत रहते हुए खेत से खेत इनका पीछा किया। इन युवाओं ने बताया कि इन दिनों हो रही वारदातों के चलते हमारे गांव में युवाओं ने सुरक्षा के लिए सतर्क रहकर अपनी ओर से पूरा प्रयास करने का निर्णय लिया गया है। गांव में युवाओं के कार्य की सराहना हो रही है व अन्य गांव के युवा भी अपने गांव की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सतर्क होने की रणनीति बना रहे है।



