






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मई 2023। आडसर टोल कर्मियों द्वारा बनाई गई दूसरी चौकी आस पास के गांवो के ग्रामीणों सहित वाहन चालकों के आक्रोश का कारण है। 30 वर्षीय राकेश पुत्र मनफूलराम जाट निवासी पुनुसर, सरदारशहर ने टोल कर्मियों के खिलाफ मारपीट करने व लाखों रुपए छीन लेने का आरोप लगाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 16 की रात करीब 10 बजे वह श्रीडूंगरगढ़ की ओर से अपने गांव जा रहा था। जब ठुकरियासर के पास बने टोल पर पहुंचा तो टोल कर्मियों ने डंडा खोला और यहां से मैं बोलेरो कैम्पर लेकर निकलने लगा तो डंडा गिरा दिया। जब मैंने कहा कि मेरी गाड़ी का शीशा टूट जाता तो, इस पर टोल कर्मी भड़क गए और मारपीट पर उतारू हो गए। टोल कर्मियों ने मेरी जेब से 50 हजार रुपए व लाइसेंस छीन लिए। मैं यहां से भागने लगा तो पीछे टोल वाले दो तीन गाड़ियों में भरकर आए और मेरा पीछा किया। मैंने अपने दोस्त राजूराम को फोन किया तो वह मौके पर पहुंचा तो गजेंद्र सिंह शेखावत, जयसिंह ददरेवा, गजानंद सहित टोल कर्मी मनीष व अन्य 10-15 ने हमारे साथ मारपीट की और राजू से 2 लाख 7 हजार रुपए छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई रविंद्र सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस ने नजरी मुलाहिजा में पाई चोटें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुलिस ने नजरी मुलाहिजा में राकेश के दायीं आंख के पास चोट से खून आना, दाहिने पैर में इलाज की पट्टी बंधी होने, मगरों में नीले निशान होना पाया। वहीं राजूराम के बाएं कंधे पर चोट का निशान, बाएं पैर पर चोट का निशान पाया है।



