






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मई 2023। भाजपा की गाड़ी को कर्नाटक की जनता ने टल्ला मारकर उनकी गाड़ी गुड़का दी है। गाड़ी ढलान पर है और अब चेतना का कदम उठाकर इसे एक धक्का आपको देना है। ये बात आज श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित यूथ कांग्रेस के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान राजस्थान सरकार के खेल मंत्री अशोक चांदना ने भाजपा पार्टी के बारे में कही। चाधंना ने शिविर में भाग लेने वाले सैंकड़ो युवाओं से कहा कि सोशल मीडिया ऐसी पटरी है जिस पर चलने से पहले दाएं बाएं देखो तभी आगे बढ़ो।इस पर होने वाले प्रचार को देखें, जाने, समझे, खबर की सच्चाई पर विचार करें, उसके बाद बात करें। यूथ कांग्रेस का हर युवा सचेत रहकर समझदार बने। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी के आंकड़े डराने वाले है परंतु भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी लगाकर अनेक बड़े इन्वेस्टमेंटर को देश से बाहर निकाल दिया। उन्होंने कहा कि नए नए कुर्ते पहन कर विकास बात करने वालों से नहीं बल्कि विकास करवाना सच्चे जननायकों का काम है और इसे राजस्थान में कांग्रेस ने साबित कर दिया है। उन्होंने आयोजक हरिराम बाना की सराहना करते हुए कहा कि उनके इस कदम से प्रेरणा लेकर पूरे राजस्थान में युवा नेता इस गति से कार्य करना सिखेंगे। उन्होंने युवा शक्ति से आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया। राहुल गांधी के नजदीकी माने जाने वाले यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन ने भाजपा को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठ और नफरत का व्यापार किया और उसे हमारे नेता ने सच और मोहब्बत से चुनौती देने का काम किया है। भाजपा है तो भ्रष्टाचार है, मंहगाई है, बेरोजगारी है। मोदी का ध्यान अपने मित्रों की दुकानें चलाने में है और भाई को भाई से लड़वाने में है। मणिपुर जल रहा है पर मोदी को सत्ता का ऐसा लालच है कि बजंरग बलि के नाम पर कर्नाटक में राजनीति चमकाते रहें। श्रीनिवासन ने कहा कि हमारे नेता पदयात्रा पर चल रहें थे तो भाजपा के नेता जल रहें थे। परंतु कर्नाटक की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। अब राजस्थान की बारी है इस जनविरोधी, लोकतंत्र विरोधी सरकार को जड़ से उखाड़ने की। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में लोकसभा सीट में 28 में से 27 सीटों पर कांग्रेस का परचम फहराएगा। बोलते हुए वे भावूक भी हुए और कहा कि हमारे नेताओं ने देश की एकता व अखंडता के लिए सीने पर गोलियां खाई है। श्रीनिवासन ने आयोजक हरिराम बाना की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी युवा को चुनाव लड़ना है तो वह बाना से जमीन पर कार्य करना सीखे। उन्होनें कहा कि कांग्रेस काम पर विश्वास करने वाली पार्टी है और मोदी व शाह की तरह एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड़यूसर नहीं है जो झूठ का कारोबार करें।
किसान नेता रामेश्वरलाल डूडी ने आयोजन की सराहना करते हुए बाना को अपना लाडला बताया। डूडी ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यों की प्रशंसा की। डूडी ने कहा कि हमारा ध्येय किसान की समस्याओं का हल करने का है। सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है और आने वाले 6 महीनों में सरकार का प्रयास है कि बिजली समस्या से निजात दिलवा दी जाएगी। डूडी ने कहा कि पहली बार देश में किसान बजट लाकर किसानो को राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता गांव में आयोजित मंहगाई राहत शिविर की व्यवस्थाओं को देखें। आमजन को योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभ दिलवाएं। इस एक दिवसीय शिविर में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी व सुमित भगासरा ने भी विचार व्यक्त करते हुए भाजपा द्वारा बनाए गए माहौल का सामना सच व मोहब्बत से करने की बात कही। डूडी ने प्रशिक्षक श्याम पुरोहित, राजेन्द्र आर्य, सुमित भगासरा व अभिषेक सोगरा का सम्मान किया। इस दौरान रणभेरी के आयोजक हरिराम बाना ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के कामों को निष्ठापूर्वक हमने जनता के बीच पहुंचाया है। आयोजन में हजारों की संख्या में युवा उपस्थित रहें व प्रशिक्षण प्राप्त किया। यूथ कांग्रेस की स्थानीय टीम ने सभी व्यवस्थाएं संभाली।








