






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जून 2023। पिता ने गत वर्ष थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और रंजिश में आरोपियों ने उसके बेटे के साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक गालियां दी। मामला गांव जाखासर नया का है और 29 वर्षीय रामचंद्र पुत्र तेजकरण मेघवाल ने इसी गांव के मल्लाराम, रामनारायण, समुंद्रराम पुत्र पुरखाराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने आरोपियों के खिलाफ गत वर्ष जातिसूचक गाली देने व लज्जा भंग करने का मुकदमा दर्ज करवाया था जिसकी रंजिशवश आरोपी ने मुझे अपमानित कर मारपीट की। पार्थी ने बताया कि 2 जून को रात करीब 11 बजे वह रूपसिंह पुत्र रतनसिंह का खेत काश्त कर खेत से ट्रेक्टर पर गांव आया। ट्रेक्टर से उतर कर घर जाते हुए गांव के बस स्टेण्ड के पास आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनका मौके पर पहुंचे रणवीरसिंह, रामलाल, भारूराम ने बीच बचाव कर आरोपियों से छुड़वाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ के सुपुर्द कर दी है।



