






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जून 2023। क्षेत्र के गांव रीड़ी में एक घर के इकलौते चिराग ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। घटना से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया और मृतक के घर में कोहराम मच गया। गांव के बीरबल खां ढाढी के एक पुत्र और एक पुत्री संतान में इकलौते बेटे 32 वर्षीय रूसतम खां ने आज सुबह करीब 11 बजे अपने घर में बने कमरे में फंदा लगा लिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल दौड़े परंतु राजकीय चिकित्सालय में पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक विवाहित था और पिता सहित तीन बच्चों का सहारा छूट गया है। पिता ने थाने में मर्ग दर्ज करवाई व एसआई बलवीरसिंह ने अस्पताल पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द किया। सरपंच हेतराम जाखड़ अस्पताल पहुंचे और युवा की मौत पर शोक जताते हुए परिजनों को सांत्वना दी। जाखड़ के आग्रह पर ही श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने मानवीय संवेदनाओं के चलते खबर का प्रकाशन कुछ समय के लिए रोका क्यों कि गांव रीड़ी में बड़ी संख्या में लोग टाइम्स की खबरों से सीधे जुड़े हुए है। शव को सुपुर्द ए खाख कर दिया गया है।



