






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2023। आज श्रीडूंगरगढ़ अंचल के अनेक स्कूलों में सरकारी शिक्षकों सहित सैंकड़ो विद्यार्थियों ने अंगदान की प्रतिज्ञा ली। गांव कल्याणसर पुराना, मोमासर, दुलचासर, बिग्गा सहित कई स्कूलों में देश में प्रत्यारोपण के लिए अंगो और टिश्यू की कमी को देखते हुए शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों व कार्मिकों ने मृत्यु के बाद किसी को नया जीवन देने के लिए अंग व टिश्यू दान की प्रतिज्ञा की।
निकाली खेल जागरूकता रैली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीण व शहरी ओलंपिक खेलों के प्रति जागरूकता एवं खेलों में भाग लेने हेतु प्रेरित करने के लिए आज अनेक विद्यालयों से रैलियां निकाली गई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाना के विधार्थियो की रैली को प्राचार्य नौरंगलाल जाट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीताराम कूकणा व कपिल मुनि की अगुवाई में पूरे ग्रामीण क्षेत्र में रैली निकाली गई। पवन कुमार माली ने बताया कि ग्रामीण ओलंपिक खेल का उद्घाटन 05 अगस्त को विद्यालय के खेल मैदान में होगा तथा पीटीआई हरकेश मीणा और मनोज बाना द्वारा खेल आयोजन की तैयारियां की जा रही है। शंकर सिद्ध ने बताया कि बाना पंचायत से 70 टीमों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। जिसमें 738 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस दौरान प्रेम कुमार, संगीता, पूर्णचंद, बुधाराम और कविता सिद्ध द्वारा पंजीकृत टीमों को अभ्यास करवाया जा रहा है।
शहरी खिलाड़ी ध्यान देवें, अपनी ड्रेस कल लेवें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहर में 5294 खिलाड़ी 5 अगस्त को खेल मैदान में खेलेंगे जिनमें पुरूष खिलाड़ी 3281 तथा 2012 महिला खिलाड़ी खेलेंगी। कबड्डी में 734 खिलाड़ी, टेनिस क्रिकेट 1003 खिलाड़ी, खो खो में 335 महिला खिलाड़ी, वॉलीबॉल 319 खिलाड़ी, एथलेटिक्स 100 मीटर दौड़ में 1423 खिलाड़ी, फुटबॉल में 220 खिलाड़ी, बॉस्केट बॉल 63 खिलाड़ी, एथलिक्टस 200 मीटर दौड़ में 818 खिलाड़ी तथा 400 मीटर में 379 खिलाड़ी भाग लेंगे। बता देवें सभी खिलाड़ियों को ओलंपिक की ड्रेस का वितरण ताल मैदान के राउमावि में किया जा रहा है। प्रभारी डॉ मनीष सैनी ने बताया कि आज करीब 1500 खिलाड़ियों को ड्रेस दी गई है। शेष खिलाड़ी कल सुबह 9 बजे से वितरण प्रारंभ होने पर स्कूल आकर अपनी ड्रेस ले जावें। सैनी ने कहा कि 5 अगस्त को रूपा देवी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित होगा जिसका उद्घाटन शनिवार सुबह होगा व मैदान पर खेल आयोजन की तैयारियां की जा रही है। नीचे दी गई पीडीएफ में श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के खिलाड़ी अपना कोड, टीम का कोड जरूर देखें।




