May 20, 2026
010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2023। बेरोजगार युवा व सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर पुलिस विभाग व डाक विभाग से आई है। आप पढें और ये बड़ी और जरूरी जानकारी युवाओं के साथ शेयर करें।
कांस्टेबल भर्ती निकली, 3,578 पदों के लिए आवेदन 7 से, पढ़ें पूरी खबर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान पुलिस के विभिन्न जिला यूनिट व बटालियन में कांस्टेबल सामान्य, चालक, कांस्टेबल बैंड, कांस्टेबल घुड़सवार, व पुलिस दूरसंचार के 3,578 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने गुरूवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आवेदन मांगे है। आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से ही 7 अगस्त से 27 अगस्त 2023 तक ऑनलाइन किये जा सकते है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) सचिन मित्तल ने बताया कि आवेदन ई-मित्र कियोस्क, जन सुविधा केंद्र, एवं विभाग की वेबसाइट http://recruitment.rajsthan.gov.in पर किये जा सकते है। 28 से 30 अगस्त तक आवेदन पत्र में संशोधन और त्रुटि सुधार के लिए वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा।
डाक विभाग में जीडीएस समेत 30,041 पदों पर निकली भर्ती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारत सरकार के डाक विभाग ने विभिन्न राज्यों में ग्रामीण डाक सेवक, जीडीएस, ब्रांच पोस्ट मास्टर, और डाक सेवक के कुल 30,041 पदों पर भर्ती निकाली है। शैक्षणिक योग्यता में उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित और अंग्रेजी विषय के साथ कक्षा 10वीं उत्तीर्ण और स्थानीय भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है। आवेदन के लिये उम्मीदवार की आयु 18 से 40 के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपए देना होगा। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क नहीं है। इन पदों के लिए आवेदन कर रहें उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर होगा। इस भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा या साक्षात्कार आयोजित नहीं किये जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया- इच्छुक उम्मीदवार भारतीय डाक की आधिकारिक वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in पर 23 अगस्त तक सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते है। उम्मीदवार आवेदन पत्र में 24 अगस्त से 26 अगस्त तक सुधार कर पाएंगे। योग्यता में उम्मीदवारों को कम्प्यूटर और साइकलिंग का ज्ञान होना चाहिए।