






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ में आज ग्रामीण व शहरी ओलपिंक का पांच दिवसीय खेल उत्सव प्रारंभ हो गया है। रूपा देवी मोहता राउमावि के ग्राउंड में सुबह करीब 10 बजे खेलों का उद्घाटन करते हुए विधायक गिरधारीलाल महिया ने खेल की भावना से खेलने की बात कहते हुए कहा कि खेल के माध्यम से सरकार ने युवाओं के लिए नौकरी का मार्ग भी खोल दिया है। महिया ने कहा कि ग्रामीण व छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं के लिए सरकार ने ये शानदार मंच उपलब्ध करवाया है जिससे गांवो व शहरों में खेल का माहौल बन गया है। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलवाते हुए युवा पीढ़ी को समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा अपनी शिक्षा व खेल पर ध्यान देकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनावें। वे बदलते समय में स्वयं क्या कर रहें है इस पर ध्यान जरूर देवें और अपनी सकारात्मक ऊर्जा से स्वयं के साथ परिवार, समाज व देश की सेवा में अपनी भूमिका निभाए। तहसीलदारा राजवीरसिंह कड़वासरा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत, प्रधानाचार्य आदुराम जाखड़, माकपा शहर अध्यक्ष रामेश्वरलाल बाहेती, यूसीईईओ प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सैनी, नगरपालिका प्रतिनिधि रजत आसोपा सहित क्षेत्र के शिक्षक व खेल प्रभारी पीटीआई मौजूद रहें। इस दौरान पीटीआई संतोष शेखावत ने श्रीडूंगरगढ़ शहर में एक भी ट्रेक नहीं होने की बात कहते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए इसकी खासी जरूरत होने व बनवाने की मांग विधायक के सामने रखी। उद्घाटन समारोह की सभी व्यवस्थाएं नगरपालिका मंडल ने की। सभी खिलाड़ियों ने परेड प्रस्तुत की व व्याख्याता राजू शर्मा ने संचालन किया।



















