May 20, 2026
0010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था चौपट है और इससे आक्रोशित विद्यार्थी आये दिन धरने प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार सुबह विधानसभा क्षेत्र के गांव बादनू में विद्यार्थियों के सब्र का बांध टूट गया और शिक्षा व्यवस्था चौपट रखने के आरोप में कक्षा 9 से 12वीं की छात्राएं स्कूल से बाहर निकल गई। छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और स्कूल के आगे से गुजर रहे मुख्य रास्ते पर अपने बस्ते रख कर रास्ता जाम कर दिया। छात्राओं की मांग थी के प्राचार्य, उपप्राचार्य, विषय शिक्षकों सहित रिक्त पड़े सभी पदों को भरा जाए। विदित रहे कि बादनू के राउमावि में 600 से अधिक विद्यार्थी है जिन्हें पढ़ाने के लिए केवल 4 शिक्षक ही मौजूद रहते हैं। इनमे से भी कभी किसी का अवकाश हो जाता है व बाकी कागजी कामो में उलझे रहते हैं। ऐसे में पढ़ाई पूरी तरह से चौपट होने के आरोप छात्राओं ने लगाते हुए जम कर नारेबाजी भी की। छात्राओं के आक्रोश की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि मालाराम प्रजापत भी मौके पर पहुंचे और विद्यालय के शिक्षकों के साथ छात्राओं से समझाइश की। सरपंच में बताया कि गत 2 सालो से पद भरने की मांग को लेकर निदेशालय के अनेकों चक्कर लगा चुके हैं और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी अनेकों बार मदद की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नही होने से बादनू गांव के बच्चों का शैक्षिक भविष्य अंधकारमय बनाया जा रहा है। हालांकि करीब 1.30 घंटे तक चले इस घटनाक्रम का पटाक्षेप मंगलवार तक शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए समय देने के साथ हुवा। मंगलवार तक विभाग द्वारा शिक्षकों की नियुक्ति के प्रयास नहीं किये गए तो ग्रामीण भी बच्चों का साथ देंगे और तेज आंदोलन करेंगे। इस दौरान मुख्य रास्ते पर कई वाहनों की कतारे लग चुकी थी।