May 20, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अगस्त 2023। देर रात दुकान खोलने से मना करने पर एक व्यापारी से गाली गलौच करने व मारपीट कर रूपए छीन लेने का मामला सामने आया है। क्षेत्र के गांव जैसलसर निवासी 62 वर्षीय देवाराम पुत्र प्रभुराम जाट ने अभयसिंहपुरा निवासी जगदीश स्वामी व अन्य दो जनों के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसकी अपने गांव के सातलेरा मार्ग पर परचून की दुकान है। 20 अगस्त को रात 9.30 बजे दुकान बंद करके घर गया और उसे थोड़ी देर बाद याद आया की वह अपना फोन दुकान पर भूल गया है। परिवादी रात 10.50 बजे फोन लेने वापस दुकान पर गया और फोन लेकर दुकान बंद करते समय दुकान के आगे पहले से खड़ी एक पिकअप में नशे में आरोपी बैठे थे। आरोपियों ने दुकान खोलने की धमकी दी और मना करने पर गाली गलौच करते हुए धारदार हथियार से वार कर चोटिल कर दिया और आरोपियों ने मोबाइल व 9,350 रुपये छीन कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।