






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अगस्त 2023। जिले के बज्जू व कोलायत के इलाके में टिड्डी पाए जाने के बाद श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर कृषि विभाग से आई है। हॉपर नियंत्रण एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा टिड्डी प्रकोप के संबंध में जारी चेतावनी के तहत कृषि विभाग द्वारा सभी इलाकों में सर्वे करवाया जा रहा है। आज सहायक निदेशक कृषि विस्तार श्रीडूंगरगढ़ रघुवरदयाल सुथार व कृषि अधिकारी सुरेंद्र मारू टीम के साथ फिल्ड में पहुंचे व खेतों में जाकर वस्तुस्थिति का अवलोकन किया। टीम गांव बाडेला, धर्मास व मिंग्सरिया की रोही में पहुंची व टिड्डी सर्वक्षेण किया। अनेक खेतों में जांच के बाद सुरेंद्र मारू ने बताया कि अभी तक टिड्डियों की कोई स्थिति नहीं पाई गई है और फिलहाल क्षेत्र टिड्डियों से सुरक्षित है। टीम ने विभिन्न फसलों का सर्वे निरीक्षण किया व विभिन्न जानकारियों जुटाई। सरकार द्वारा वितरित मिनीकिट की मोठ किस्म आरएमओ 2251 का भी वास्तविक अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बरसात की कमी से हो रहें नुकसान को भी देखा व सुरेंद्र मारू ने बताया कि फसलों में पकाव की स्थिति होने के कारण बरसाम की नितांत जरूरत है। कई किसानों ने अधिकारियों से फलदार वृक्षों के बारे में जानकारी ली व कृषि संबंधी अनेक सवालों के जवाब भी प्राप्त किए। अधिकारियों ने अनेक सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उद्यानिकी खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों के साथ कृषि अधिकारी मुरारी शर्मा व कृषि पर्यवेक्षक इंद्रा दास भी मौजूद रहें।






