






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अगस्त 2023। आज पूरा देश चंद्रयान की सफल लैंडिग के लिए प्रार्थनाएं कर रहा है। युवाओं में जोश है और घरों में बच्चों के साथ 5.30 बजे से 6.30 बजे तक सभी टीवी के सामने इस पल को देखने की योजनाएं बना रहें है। व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामसुदंर पारीक ने कहा कि ये देश के लिए एतिहासिक पल होगा और देश के विज्ञानवेत्ताओं का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित करने के साथ पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित करने वाला होगा। पारीक ने कहा कि आज सभी लोग घरों में आज शाम को टीवी के माध्यम से इस पल के साक्षी जरूर बने। ऐसे में आज अनेक देशप्रेमी अपने ईष्टदेव से सफलता की प्रार्थना कर रहें है। बिग्गा बास स्थित चिड़पड़नाथ जी की बगीची में चल रहें सावन के विशेष आयोजनों में चंद्रदेव का पूजन कर चंद्रयान की सफलता के लिए कामना की। पूनम सोनी ने बताया कि चंद्र देव से भारतीय यान को सुरक्षित स्थान देने के लिए मंत्रोच्चार से पूजन किया गया। बता देवें गत दिनों यहां चंद्रयान 3 की थीम पर मंदिर में सजावट भी की गई थी।

जन्माष्टमी उत्सव की तैयारी बैठक, होंगे अनेक आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार शाम माताजी मंदिर में विश्व हिंदू परिषद की बैठक अध्यक्ष श्यामसुदंर जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन का स्थापना दिवस व कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। जोशी ने बताया कि सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय लिया गया कि आगामी 7 सितबंर को जन्माष्टमी पर्व पर अनेक आयोजन किए जाएंगे जिसमें बाल कृष्ण राधा श्रृंगार प्रतियोगिता, मटकी फोड़ कार्यक्रम, 18 वर्ष से कम आयु के किशोर व किशोरियों की नृत्य प्रतियोगिता, नाटक प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। भगवान कृष्ण को छप्पन भोग लगाया जाएगा व विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान शहर अध्यक्ष अशोक वैद ने तैयारी संबंधी योजना बनाई। बजरंग दल के वासुदेव शर्मा ने व्यवस्था संबंधी योजना प्रस्तुत की। इस दौरान भंवरलाल दुगड़, संतोष बोहरा, प्रदीप जोशी, भैरूदान सोनी, शिव पांडिया, विक्रम स्वामी, हनुमान, लालचंद, प्रवीण उपस्थित रहें।
कलश यात्रा के साथ आरंभ हुई शिव महापुराण, रात को होगा मायरा का वाचन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव रीड़ी के शिव मंदिर में शिव मंदिर कमेटी की ओर शिव महापुराण व मायरा वाचन का आयोजन किया जा रहा है। आज कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय आयोजन प्रारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। पुजारी राधेश्याम वैष्णव ने बताया कि शिव महापुराण के प्रथम दिन कथावाचक कैलाशचंद्र शास्त्री ने शिव महापुराण का माहात्म्य बताया और शिव महिमा का गुणगान किया। कथा दोपहर12 बजे से शाम साढें चार बजे तक होगी तथा मायरा वाचन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक होगा। मायरा का वाचन पंडित लक्ष्मीकांत करेंगे। बड़ी संख्या में ग्रामीण आयोजन में भाग ले रहें है। कथा प्रारंभ होने के अवसर पर आज पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा भी पहुंचे। गोदारा ने कथा आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण ओलंपिक में विजेता युवतियों का सम्मान किया। इस दौरान उनके साथ अनेक कांग्रेसी मौजूद रहें।




