May 20, 2026
0010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव रिड़ी में एक 14 वर्षीय बालक गुरुवार सुबह स्कूल तो गया लेकिन स्कूल से गायब हो गया। परिजन बदहवास से उसे ढूंढते रहे लेकिन गुरुवार देर रात उसका शव बीकानेर-नोखा रेलवे रूट के गांव रासीसर के पास पटरियों पर पड़ा मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार रिड़ी के राउमावि की कक्षा 11 में पढ़ने वाला महेश पुत्र दुर्गाराम भार्गव गुरुवार सुबह घर से स्कूल गया था। शाम को घर नही पहुंचा तो परिजन तलाश करते हुए स्कूल पहुंचे। वहां उसका बैग पड़ा था और साथी बच्चों ने बताया कि वह आधी छुट्टी के बाद नहीं दिखा। इस पर परिजनों ने तलाश किया तो दोस्तो, परिजनों के यहां भी नही मिला। परिजन रात करीब 10 बजे थाने पहुंचे व गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश करने की गुहार लगाई। इस दौरान नोखा पुलिस द्वारा नोखा क्षेत्र के गांव रासीसर में पटरियों के पास स्कूल ड्रेस में 14-15 साल के बच्चे का शव मिलने की सूचना भी श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को दी गई। मृतक के पास श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर का रेलवे टिकट मिला था तो नोखा पुलिस ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस से संपर्क किया। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने परिजनों को वहां भेजा तो मृतक की शिनाख्त रिड़ी से गुमशुदा हुए बच्चे महेश भार्गव के रूप में ही हुई है। प्राथमिक जानकारी में बताया जा रहा है कि बच्चे की मौसी का घर नोखा में है व वह ट्रेन से बीकानेर से नोखा जा रहा था। रास्ते मे ट्रेन से बाहर देखने के दौरान किसी खंबे से टकरा गया और वही गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन नोखा पहुंच गए हैं व शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।