






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2023। आगामी विधानसभा चुनावों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बनने के दावेदारों की सूची रोचक रूप से बढ़ रही है। अन्य क्षेत्रों में अधिकांशतः एक ही दिन में आवेदन हो गए वहीं श्रीडूंगरगढ़ में तीन दिनों तक यह सूची घटती बढ़ती रही है। जिले में नोखा-श्रीकोलायत में जहां एक-एक, लूणकरणसर में 20 आवेदन एक ही बैठक में ही सामने आए वहीं श्रीडूंगरगढ़ में बैठक के दौरान 6, बैठक बाद में 8, अगले दिन 10 और उसके अगले दिन कुल 14 आवेदन हुए है। अब यह सभी दावेदार आगामी 26 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भेजे गए उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के जिला प्रभारी हरीश चौधरी से वन टू वन मुलाकात भी करेगें। पढ़ें कांग्रेस प्रत्याशी बनने के दावेदारों के चर्चित फैक्ट की खबर।
गोदारा सर्मथक भी उतरे मैदान में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के श्रीडूंगरगढ़ ब्लाक अध्यक्ष मूकननाथ सिद्ध ने बताया कि कांग्रेस की दावेदारी में लखासर सरपंच प्रतिनिधि गोर्वधन खिलेरी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मूलाराम थोरी, लिखमादेसर सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध व जिला परिषद सदस्य हरिराम गोदारा ऊपनी ने भी दावेदारी दी है। यह चारों ही पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के सर्मथक माने जाते है और गोदारा के सर्मथकों द्वारा आवेदन करने के बाद लोगों में राजनीतिक रणकौशल की चर्चाएं गर्म है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से प्रत्याशी बनने के दावेदारों में अब मंगलाराम गोदारा, केशाराराम गोदारा, हरिराम गोदारा, इमिलाल गोदारा, तुलछीराम गोदारा व हरिराम बाना, प्रभूराम बाना, मूलाराम भादू, सुरजमल भूंवाल, हेतराम जाखड़, गोर्वधन खिलेरी, मूलाराम थोरी, राधेश्याम सिद्ध व मुन्नीराम दुसाद कुल 14 दावेदार हो गए है। सभी दावेदारों की फाईनल सूची पीसीसी को भेज दी गई है।
सबसे युवा, गैर जाट, ब्लॉक अध्यक्ष पुत्र भी मैदान में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष मुकननाथ सिद्ध के पुत्र राधेश्याम सिद्ध ने भी अपनी दावेदारी जताई है। यह सबसे युवा प्रत्याशी है एवं लिखमादेसर के सरपंच सरस्वती देवी के पुत्र भी है। गत दिनों गोविंदसिंह डोटासरा के श्रीडूंगरगढ़ दौरे के दौरान उनसे अलग से हुई मुलाकात के दौरान भी राधेश्याम ने अपनी छाप छोड़ी थी। वहीं एक रोचक तथ्य यह भी के कांग्रेस में सभी 14 दावेदारों में से 13 जाट है और अकेले राधेश्याम सिद्ध ने गैर जाट के रूप में दावेदारी पेश की है।
सरपंचाई से अगला कदम विधायकी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से कांग्रेस के दावेदारों में सरपंचों का जोश भी देखने लायक है। यहां पर रिड़ी, लखासर, समंदसर, लिखमादेसर चार ग्राम पंचायतों के सरपंच प्रतिनिधियों ने सरपंचाई से अगला कदम विधायकी के लिए बढ़ाया है। फैक्ट की एक बात यह भी है कि इन चारों ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच है एवं उनके प्रतिनिधियों ने कांग्रेस प्रत्याशी बनने की ताल ठोकी है।



