May 22, 2026
WhatsApp Image 2023-09-17 at 6.33.53 PM

जीवन के गुण व संस्कार परिवार में विद्यमान रहते है, स्मृति सभा में संत समाज ने दिया पुगलिया परिवार को संबल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दिवंगत अभिजीत पुगलिया की स्मृति में आज सुबह मालू भवन में सभा का आयोजन किया गया। सेवा केन्द्र व्यवस्थापिका डॉक्टर संपूर्णयशा ने परिवार को संबल देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन जब पूर्ण होता है तो परिजन व्यथित होते है परंतु उस जीवन के गुण व संस्कार सदैव उसके परिवार में विद्यमान रहते है। साध्वी महकप्रभा, पुनीतप्रभा, विवेकश्री, कृष्णा कुमारी, संपतप्रभा, ललितरेखा ने पुगलिया को याद करते हुए जैन धर्म में उनकी निष्ठा व ज्ञान की सराहना की। सभा में आचार्य महाश्रमणजी, साध्वी प्रमुखा विश्रुतविभाजी सहित चरितार्थप्रभा, अर्हतप्रभा, संवरयशा के संबल संदेशों को प्रदीप पुगलिया ने पढ़कर सुनाया। पुगलिया परिवार के साकेत व प्रदीप ने दिवंगत के जीवन के बारे में जानकारी दी। सभा में श्रीजैन श्वेतांबर तेरपंथी सभा के अध्यक्ष विजयराज सेठिया, तेरापंथ महिला मंडल की संगठन मंत्री मंजू झाबक, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष मनीष नौलखा, ज्ञानशाला से साक्षी दुगड़, अणुव्रत समिति के उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी, ओसवाल पंचायत के मंत्री प्रमोद बोथरा ने परिवार को सांत्वना दी। सभा में समाज के अनेक मौजिज लोगों ने भाग लिया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मालू भवन में आयोजित स्मृति सभा में परिवार को दी सांत्वना।

पेरियार को याद कर समानता का लिया संकल्प, कैलाश मेघवाल का समर्थन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारत के सुकरात कहे जाने वाले ईवी रामास्वामी पेरियार की जयंती पर आज अंबेडकर भवन में उन्हें यादकर श्रद्धाजंलि दी। भीम आर्मी अध्यक्ष संदीप जयपाल ने पेरियार के जीवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अंधविश्वास व गुलामी से मुक्ति के लिए संघर्ष की प्रेरणा देने वाले पेरियार ने समाज में समानता के विचार को प्रबल किया। श्रद्धाजंलि सभा में पूर्व प्रधान पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ रामलाल मेघवाल ने उपस्थित युवाओं को पेरियार के दलित व शोषित को समाज में अपना हक दिलवाने के लिए पेरियार से संघर्ष की प्रेरणा लेने की बात कहते हुए समानता के लिए अपना योगदान देने का संकल्प करवाया। आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष संग्राम परिहार सहित उपस्थित युवकों ने पेरियार को पुष्पाजंलि अर्पित की। इस दौरान आयोजित बैठक में युवाओं ने राजस्थान के दिग्गज नेता कैलाश मेघवाल का समर्थन करते हुए उनके खिलाफ की गई कार्रवाई का विरोध किया। बैठक में राधे आजाद, भीम आर्मी के तहसील उपाध्यक्ष भगवानाराम मेघवाल, नंदकिशोर पंवार, लालचंद चिनिया, अशोक बारूपाल, पूनम बारूपाल, रामचंद्र बारूपाल, बजरंग बौद्ध, प्रकाश गांधी, हरि रीड़ी सहित मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अंबेडकर भवन में ईवी रामास्वामी पेरियार को युवाओं ने दी श्रद्धाजंलि।

दुलचासर में नख्त बन्नाजी मंदिर में हुई मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव दुलचासर में आज नख्त बन्नाजी मंदिर में रविवार को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हुआ। पंडित पूनमचंद जाजड़ा, सुनील जाजड़ा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नख्त बन्नाजी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। मंदिर में आयोजित सामूहिक हवन में श्रद्धालुओं ने घी-खोपरों की आहुतियां दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंदिर के पुजारी मोहनसिंह पड़िहार ने बताया कि सोमवार रात्रि को मंदिर में भव्य जागरण का आयोजन होगा। जागरण में संपत उपाध्याय एंड पार्टी बाबा के भजनों की प्रस्तुति देगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर में समारोह पूर्वक मंदिर करवाई मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा।

कोटासर में आज रात होगा भव्य जागरण का आयोजन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव कोटासर में आज रात बाबा रामेदवजी महाराज का भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा करवाए जा रहें इस आयोजन में भजन कलाकार भंवरदास कामड़ द्वारा बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। बड़ी संख्या में ग्रामीण जागरण में भाग लेंगे।

मिंगसरिया नोसरिया में होगा 19 से भागवत का आयोजन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव मिंगसरिया नोसरिया में आगामी 19 सितंबर से 25 सितंबर तक भोलेनाथ बगीची में भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन बालाराम मालाराम प्रजापत परिवार द्वारा किया जाएगा। कथा वाचक संतोष सागर कथा स्थल पर सुबह 11.30 बजे से शाम 4.15 तक कथा का वाचन करेंगे। आयोजन का प्रारंभ मंगलवार को सुबह 8.15 बजे कलश यात्रा से होगा। यात्रा बालाजी धाम से कथा स्थल तक धूमधाम से जाएगी व आयोजक द्वारा कथा की तैयारियां की जा रही है।