






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। क्षेत्र में मंगलवार को कई खास आयोजन हुए, जिनकी खबरें श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों के लिए प्रस्तुत है एक साथ।
रात्रिकालीन कब्बड़ी प्रतियोगिता 5 से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। क्षेत्र के गांव लोडेरां में गुरूवार से श्रीगुंसाईजी रात्रिकालीन कब्बड़ी प्रतियोगिता का सीजन चार शुरू होगा। ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से आयोजित करवाई जा रही इस प्रतियोगिता में बालक व बालिका दोनो वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकेगें। प्रतियोगिता में प्रो कब्बड़ी के सभी नियम लागू होगें एवं उदघाटन बींझासर सरपंच मुखराम नैण करेगें। प्रतियोगिता के पिछले तीनों सीजन काफी सफल रहे थे एवं खिलाडियों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है।
कुमकुम पारीक बनी सेसोमूं की मिस फ्रेशर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। स्थानीय सेसोमूं गर्ल्स कॉलेज में मंगलवार को नवप्रवेशी छात्राओं की फ्रेशर पार्टी आयोजित की गई। जिसमें तीन रांऊड़ की प्रतियोगिता माध्यम से मिस फ्रेशर का खिताब कुमकुम पारीक ने जीता। द्वितीय स्थान पर ज्योति मूंधड़ा एवं तृतीय स्थान पर अंजलि सोमानी रहीं। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती पूजन से हुआ एवं छात्राओं ने रैम्प वॉक, सिम्बल के अनुसार डांस एवं प्रश्नोत्तरी में भाग लिया। सचिव सुभाष शास्त्री ने सभी नवप्रवेशित छात्राओं को सेसोमूं का सदस्य बनने पर बधाई दी। कार्यवाहक प्राचार्य मुरलीधर जोशी ने उज्ज्वल भविष्य के लिए मनोयोग से महाविद्यालय जीवन में सीखने की बात कही। फ्रेशर पार्टी में सीनियर छात्राओं ने अपनी जूनियर्स का स्वागत जोश और उमंग के साथ किया। निर्णायकों की भूमिका जूली पुरोहित एवं प्रीति विजय ने निभाई व व्याख्याता चिराग परमार, भगवान प्रजापत, कार्यालय सहायक अभिषेक गोस्वामी, सेसोमूं के संगीत अध्यापक समू खां सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बीए द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने किया।

वाल्मीकि समाज के युवाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। मोमासर बास में वाल्मीकि मंदिर मैदान के आस पास नगरपालिका द्वारा कचरा फेंकने के विरोध में वाल्मीकि समाज के युवाओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है। समाज के युवा सुरेंद्र वाल्मीकि, निर्मल वाल्मीकन, राहुल वाल्मीकन, अजय वाल्मीकि, सेठी वाल्मीकि, पंकज वाल्मीकि, सोनू, कारगिल, विशाल, किशन, सुनील, अनिल, धनराज, सुमित, मोहित, बिट्टू, किशन, गौतम, विमल, देवराज, राहुल, शनि, गणेश, बजरंग, तुषार, प्रेम, नरेंद्र आदि ने मंगलवार को विधायक सेवा केन्द्र पहुंच कर विधायक निजी सचिव संदीप चौधरी एवं नगरपालिका के एसआई कमल चांवरिया को इस संबध में ज्ञापन दिया गया एवं वाल्मीकि मंदिर मैदान की तारबंदी करने, पूर्ण सफाई करवाने एवं बालू रेत गिरवाने की मांग की। तीनों मांगों को 7 अक्टूबर तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया एवं आश्वासन के बाद युवाओं ने आंदोलन का रूख अपनाते हुए अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
सड़क हादसे में घायल गौवंश को संभाला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2023। श्रीडूंगरगढ़-बीदासर रोड़ पर धर्मास गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गाय घायल हो गई। गाय के दोनो पैरों में फैक्चर हो गए एवं शिवलाल प्रजापत, संदीप सिंह व अशोकसिंह ने गौरक्ष्ज्ञक सेवा समिति मिंगसरिया के युवाओं को जानकारी दी। इस पर गौ रक्षक सेवा समिति मिंगसरिया के युवाओं ने सामूहिक प्रयासों से घायल गौवंश का उपचार करवाया एवं नागौर गौचिकित्सालय भिजवाया।




