May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अक्टूबर 2023। पूनरासर हनुमानजी मन्दिर में दो दिवसीय शरद पूर्णिमा मेला 27 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। पुजारी ट्रस्ट के मंत्री महावीर बोथरा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 27 अक्टूबर को ध्वजारोहण के साथ ही दो दिवसीय मेला शुरू हो जाएगा। पहले दिन मंदिर में जागरण सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अगले दिन 28 अक्टूबर को बाबा का विशेष श्रृंगार एवं पूजा अर्चना होगी। शरद पूर्णिमा के मौके पर चन्द्र ग्रहण होने के कारण शनिवार 28 अक्टूबर को दोपहर चार बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। चन्द्र ग्रहण समाप्ति के बाद अगले दिन रविवार प्रातः चार बजे पंचामृत से बाबा की प्रतिमा को स्नान कराकर निज मंदिर व सभागार की शुद्धिकरण करवाने के बाद बाबा का विशेष अभिषेक, श्रृंगार, पूजा अर्चना एवं ज्योत दर्शन का आयोजन होंगे। वहीं गांव सूडसर हनुमानजी मंदिर में चंद्र ग्रहण के कारण शरद पूर्णिमा मेले का आयोजन एक दिन पहले यानी 27 अक्टूबर को होंगा। पुजारी परिवार की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि सूडसर हनुमानजी मंदिर में शुक्रवार को मेला भरेगा। शुक्रवार सुबह जहां बाबा का विशेष श्रृंगार एवं पूजा अर्चना होगी, वही शाम को मंदिर में बाबा की संध्याकालीन महाआरती, ज्योत दर्शन एवं जागरण के आयोजन होंगे। शुक्रवार रात्रि को मंदिर में विशेष खीर महाप्रसाद का वितरण होगा।‌ चन्द्र ग्रहण के कारण शनिवार दोपहर चार बजे से रविवार प्रातः पांच बजे तक मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। रविवार तड़के मंदिर शुद्धिकरण के बाद ही श्रद्धालुजन बाबा के दर्शन कर सकेंगे।