






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2023। श्रीडूंगरगढ़ राजकीय अस्पताल में आने वाले रोगी व उनके परिजन लगातार चोर उच्चकों का शिकार बनकर अपनी नगदी गवां रहें है। अस्पताल परिसर में मुख्यमंत्री दवा वितरण केन्द्र के कैमरे में दो संद्गिध चोर कैद हुए है जिनकी तलाश में पीड़ित दो दिनों से अस्पताल के चक्कर भी लगा रहें है। अशोक गिरी ने बताया कि उनके 70 वर्षीय पिता हरिगिरी शनिवार को अस्पताल गए। वे सर्दी जुकाम से पीड़ित थे और डॉक्टर को दिखाने के बाद दवा लेने के लिए केंद्र के बाहर लाइन में खड़े हो गए। तभी पीछे खड़े दो युवक उनके पास आकर अगल बगल में खड़े हो गए और उनकी जेब से 5000 हजार रूपए नगदी पार कर ली। जब टैक्सी से हरिगिरी घर पहुंचे तो टैक्सी चालक को रूपए देने के लिए जेब में हाथ डाला तो पता चला उनकी जेब खाली हो गई है। वे रविवार को पु:न अस्पताल गए और कैमरे खंगालने पर दोनों युवकों की फोटो देखी। वे उनकी तलाश करते रहें और आज सुबह फिर अस्पताल पहुंच कर कैमरे से क्लीप प्राप्त की। दोनों लड़कों की पहचान करने की अपील करते हुए गिरी ने कहा कि दोनों युवाओं को पकड़ा जाना चाहिए जिससे अन्य कोई मरीज शिकार बनने से बच सकें।
नहीं है कोई सुरक्षा कर्मी की नियुक्ति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकारी अस्पताल में किसी सुरक्षा कर्मी की नियुक्ति नहीं है। जिला अस्पताल के रूप में क्रमोन्नत हो जाने के बाद ये पूरे उपखंड का सबसे बड़ा अस्पताल बन गया है। अनेकों बार अस्पताल प्रभारी ने स्थानीय प्रशासन से यहां होने वाली अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा कर्मी की नियुक्ति किए जाने की मांग की है। परंतु नतीजा ढाक के तीन पात ही निकला है। परंतु लगातार ऐसी घटनाएं होने के कारण प्रशासन द्वारा कदम उठाए जाने की बात हर कोई कह रहा है। बता देवें गत दिनों भी यहां बेनीसर के बिजली जीएसएस कार्मिक का फोन चोरी हुआ। टाइम्स में खबर छपने के बाद दो युवकों के परिजनों ने माफी मांगते हुए फोन लौटा दिया था।





