May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2023। बीती रात हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों ने प्राण गवां दिए। कार सवार पांचों दोस्त युवक थे और सीकर से देशनोक जा रहे थे। रात करीब 11.15 बजे श्रीडूंगरगढ़ में जीएसएस के पास कोलायत से मिट्टी भरकर यूपी जा रहे एक ट्रेलर कार आमने सामने टकरा गई। टक्कर में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सीकर निवासी 20 वर्षीय शाहिद खान पुत्र बाबू अली व श्यामपुरा निवासी 20 वर्षीय शीशराम पुत्र बलबीर बलाई की मौत हो गई। पीबीएम से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय श्यामपुरा निवासी पंकज पुत्र चरण सिंह जाट गंभीर रूप से घायल है और पीबीएम में वेंटिलेटर पर भर्ती है। वहीं देवास फतेहपुर निवासी मनोज जांगिड़ भी गंभीर रूप से घायल है। श्यामपुरा निवासी 18 वर्षीय राहुल पुत्र मदनलाल के हालात कुछ ठीक बताए गए है। सभी घायलों को आपणो गांव सेवा समिति के सेवादारों ने उपजिला अस्पताल पहुंचाया। लखासर हाइवे टोल टीम ने रास्ता क्लीयर करवाया। मौके पर पुलिस भी पहुंची व आज दिन में मृतकों के परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम करवा दोनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।

युवाओं ने जताया विरोध, लगाए आरोप, ये कहा जिम्मेदार ने..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देर रात हुई सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे युवा व इस दौरान अस्पताल में पहुंचे अन्य युवाओं ने उपजिला अस्पताल में किसी डॉक्टर के नहीं होने पर रोष जताया। युवाओं ने नाराजगी जताते हुए बताया कि अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं थे और जब विरोध बढ़ा तो मौके पर करीब 25 मिनिट बाद अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी पहुंचे। युवाओं ने बताया ड्यूटी इंचार्ज के मौके पर नहीं आए व नर्सिंग स्टाफ के भरोसे ही ईलाज हुआ। वहीं अस्पताल प्रभारी डॉ एस.के. बिहाणी ने टाइम्स को बताया कि डॉक्टर ऑन कॉल होते है और डॉक्टर को सूचना नहीं देने के लिए मेडिकल स्टाफ को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उनका जवाब मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। बिहाणी ने बताया कि वे स्वयं अस्पताल पहुंचे और जब वे पहुंचे तो अन्य डॉक्टर भी मौके पर मिले।