






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 नवंबर 2023। राजस्थान विधानसभा चुनाव92023 के लिए राजनीतिक पार्टियां चुनावी रण में संघर्ष की तैयारियां करने में कोई कोर कसर नहीं रख रही है वहीं पहली बार चुनाव आयोग भी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए चुनाव संपन्न करवाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। आप भी चुनाव से जुड़े रोचक तथ्य जाने जो पाठकों के लिए श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की विशेष रिपोर्टिंग “इस चुनाव में होगा ये पहली बार” कॉलम में प्रस्तुत किया जा रहा है। तो पढ़े इसी क्रम में आज चौथा एपिसोड..
श्रीडूंगरगढ़ में बदल गई बूथों की संख्या, नम्बरिंग एवं लोकेशन।
अब 241 बूथ, 9 नए, 33 एडिट, 14 गांवों के मतदाता होगें प्रभावित, पढ़ें विस्तार से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस बार चुनावों की तैयारी मे लगी सभी पार्टियों ने अपने अपने बूथ को मजबूत करने के लिए बूथ स्तरीय कमेटियां, शक्तिकेन्द्र, पन्नाप्रमुख सहित अनेक पूरजोर प्रयास कर रखे है। परंतु इन पार्टियों को अब उनके द्वारा की गई सारी कवायद अब नए सिरे से करनी होगी। क्योंकि इस बार चुनाव आयोग ने एक बूथ पर किसी भी कीमत पर 1,425 से अधिक मतदाता नहीं होने का नियम बना दिया है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अब बूथ जो पूर्व में 232 थे, उनमें 33 बूथों को एडिट किया गया है और 9 नए बूथ बना दिए गए है। अब श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 241 बूथ हो गए है। बूथों की संख्या तो केवल नौ ही बढ़ी है लेकिन उनके क्रमांक लगभग सभी के बदल गए है ऐसे में राजनीतिक दलों को एक एक घर से वोट लाने एवं मतदान डलवाने के लिए नए सिरे से पूरी योजना की कसरत करनी पड़ेगी।
इनको तोड़ा, और बनाया नया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्वाचन विभाग द्वारा गांव शेरूणा में बूथ नम्बर 1,2,3 तीनों को तोड़ कर नए सिरे से परिसीमन किया गया है एवं नया बूथ गांव के महात्मा गांधी विद्यालय के भवन में बूथ नम्बर 4 बना दिया गया है। इसी प्रकार गांव गोपालसर में एक ही बूथ था अब गोपालसर में बूथ नम्बर 15 एवं 16 दो बूथ बना दिए गए है। गांव पूनरासर में जहां पहले तीन बूथ थे अब तीनों बूथों के क्षेत्र में एडिट कर एक नया बूथ बना दिया गया है। पूनरासर में अब बूथ नम्बर 2,27,28,29 चार बूथ हो गए है। गांव मोमासर में पहले सात बूथ थे अब आठ हो गए है। गांव मोमासर के छह बूथों को एडिट कर एक नया बूथ बनाया गया है एवं एक बूथ को नहीं छेड़ा गया है। अब गांव मोमासर में 58 से 65 तक आठ बूथ है। गांव तोलियासर में पुराने बूथ नम्बर 69 व 70 दोनो में 1425 से अधिक मतदाता होने के कारण एक ओर नया बूथ बना दिया गया है। अब गांव तोलियासर में 73 से 75 तक तीन बूथ है। गांव उत्तमामदेसर में पहले एक ही बूथ था यहां अब दो बूथ बना दिए गए है नए बूथों का क्रमांक 152 व 153 रहेगा। गांव लालमदेसर बड़ा में पहले दो बूथ थे अब यहां तीन बूथ हो गए है। गावं लालमदेसर बड़ा में पहले जहां 150 व 151 नम्बर बूथ थे वहीं अब 156, 157, 158 नम्बर बूथ है। गांव जैसलसर में पहले एक बूथ था वहीं अब दो बूथ है। नए बूथों का क्रमांक अब 187 व 188 है। बिग्गाबास रामसरा में पहले जहां बूथ नम्बर 192 व 193 थे वहीं अब यहां एक और बूथ बढ़ा कर 200, 201, 202 कर दिया गया है।
इनको किया एडिट, बदल गया क्षेत्रफल, सैंकड़ों मतदाताओं को जाना होगा इधर से उधर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर में बूथ संख्या 64 में 1425 से अधिक मतदाता होने के कारण यहां पर इसमें से कुछ मतदाता 65 में स्थानांतरित किए गए है। अब एडिट होने के बाद लिखमादेसर के बूथों का क्रमांक 64 व 5 के बजाए 68, 69 हो गया है। श्रीडूंगरगढ़ शहर के कालूबास में स्थित राजकीय माहेश्वरी बालिका स्कूल एवं राप्रावि सोनी कुंआ दोनो के क्षेत्रफल में एडिट किया गया है। अब इन दोनों बूथों का नया क्रमांक 90 व 91 है। गांव बादनूं के भी तीनों बूथों को एडिट किया गया है एवं तीनों के क्षेत्रफल में बदलाव है। अब यहां बूथों के क्रमांक 124, 125, 126 है। कुचौर आथूणी के भी दोनों बूथों को एडिट किया गया है। अब यहां पूराने बूथ 125, 126 के बजाए 130 व 131 है। गांव सोवा के दोनों बूथों को एडिट किया गया है यहां अब 136 व 137 की जगह 141 एवं 142 है।



