






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 नवबंर 2023। श्रीडूंगरगढ़ निवासी व कूचबिहार, पश्चिम बंगाल प्रवासी सीता देवी राठी को विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ द्वारा विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि का सम्मान दिया गया है। स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ तेजनारायण कुशवाह ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देते हुए राठी को शुभकामनाएं दी। सीता देवी का श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास में ही पीहर व ससुराल है तथा ये सम्मान उन्हें हिंदी जगत में लेखन व कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां, शैक्षिक प्रदेयों, शोधकार्य के आधार पर प्रदान किया गया है। सीतादेवी ने गत 5 वर्षों में लेखन संबंधी अनेक उपलब्धियां हासिल की है। राठी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटिश बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सम्मान 2020, इंटरनेशनल प्राइड वुमेन अवार्ड, पूर्वांचल के गौरव सम्मान 2021 सहित अनेक गौरवशाली सम्मान प्राप्त हुए है। इनकी अनेक रचनाएं प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर के समाचार-पत्र तथा पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। राठी ने बताया कि उनकी सामाजिक लेखन में रुचि है क्योंकि समाज बदलाव के लिए लेखन बहुत जरूरी हथियार हैं। उन्होंने टाइम्स को बताया कि वे वाचस्पति सम्मान तक के पूरे उपलब्धि भरे सफर के लिए अपने माता पिता, सास ससुर व पति प्रदीप राठी के सहयोग के लिए ऋणी है। उन्होंने अपने पूरे परिवार का आभार जताया। सम्मान प्राप्त करने के बाद से राठी को उनके परिजनों, मित्रगणों व जानकारों ने प्रसन्नता जताई व बधाईयां दे रहें है।





