May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 दिसबंर 2023। एक ओर सरकारी योजनाओं की खानापूर्ति के लिए आम महिलाओं को आंगनबाड़ी चर्चाओं के दौरान जल संरक्षण की समझाईश की जा रही है दूसरी ओर बेपरवाह जलदाय विभाग की लापरवाही से आए दिन लाखों लीटर पानी गलियों में व्यर्थ बहा देने के दृश्य सामने आते है। क्षेत्र के गांव बाडेला में करीब पांच दिन पहले बिजली का पोल लगाते समय जलापूर्ति की मुख्य बड़ी टंकी से आने वाली मैन लाइन के पाइप को तोड़ दिया गया। बिजली विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और जलदाय विभाग ने भी इसे अभी तक दुरस्त करने में सक्रियता नहीं दिखाई। गत पांच दिनों से देर रात विभाग के कार्मिक द्वारा टंकी से सप्लाई चालू कर दी जाती है और लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है। इस बड़े से लीकेज से गांव के मुख्य रास्ते से होकर पानी करीब एक किलोमीटर दूर मुक्ति धाम मार्ग तक बह निकलता है। गांव में बसों के रूकने के स्थान पर लबालब पानी भरा है जिससे यात्रियों को चढ़ने उतरने का स्थान भी नहीं मिल रहा है। ग्रामीण इससे बुरी तरह से परेशान व पेयजल व्यर्थ बहने से चिंतित भी है। ग्रामीणों ने बताया कि लीकेज ठीक नहीं होने तक रोजाना पानी टंकी में नहीं चढ़ाने की बात विभागीय कार्मिक को कहते है परंतु सुनवाई नहीं होने से व रात करीब 10-11 बजे सप्लाई प्रारंभ करने से ग्रामीणों को जानकारी नहीं मिल पाती और लाखों लीटर पानी बह जाता है। ग्रामीणों ने शीघ्रता से कार्रवाई की मांग की है व व्यर्थ बहते पानी को रोकने की गुहार विभाग से लगाई है।