May 21, 2026
banner[1]

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 दिसम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की सभी 53 ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2024-25 में मनरेगा के तहत 149 करोड़ के विकास कार्य होंगे। योजनाओं का अनुमोदन गुरुवार को पंचायत समिति के सभागार में प्रधान सावित्री देवी गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित साधारण सभा की बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहें और तहसीलदार व बीडीओ सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे व जन अभियोग सुने। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाया व विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। बैठक में बिजली पानी के मुद्दे छाए रहे व समाधान नहीं होने की नाराजगी जताई गई।
इन जनप्रतिनिधियों ने उठायी ये समस्याएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरुवार को बैठक जनप्रतिनिधियों ने पुरजोर आवाज में अपने गांवो की समस्याओं को उठाया व प्रशासन से समाधान की मांग की। कुंतासर के मांगीलाल ने गांव की पेयजल समस्या, ट्यूबवेल गांव से तीन किलोमीटर दूर होने के कारण कोई नलकूप चलाने वाला नही होने की समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की। बैठक में एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ व श्रीराम भादू ने गांवो में कट्टानी रास्ते निकालने की मांग की। इन्होंने प्रशासन द्वारा जानबूझकर मामलों का निपटारा नहीं करने का आरोप लगाया। राठौड़ ने नारसीसर में अतिक्रमण नही हटाने व भादू ने सूडसर में रेलवे फाटक के पास 11 घरों में दो सालों से पेयजल सप्लाई नहीं होने की समस्या का समाधान करने की मांग की। भादू ने पटवारियों के गांवों में नही जाने का आरोप लगाया तो अनेक जनप्रतिनिधियों ने उनका समर्थन किया। लिखमादेसर के राधेश्याम सिद्ध ने बैठक में विभागों द्वारा औपचारिकता किए जाने का आरोप लगाते हुए गांवों में नीचे पड़े हुए तार नहीं बदले जाने की बात कही। धनेरू सरपंच मोहन स्वामी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने के आरोप लगाए। गांवो में तार लटकने और विभाग द्वारा कार्य नहीं करने की बात भी कही। कितासर के भंवरलाल पुनिया ने पीएचईडी द्वारा मजदूरों व पम्प हाउस वालो का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाए व कितासर की राउप्रावि में स्टाफ लगाने की मांग की। बिग्गा सरपंच जसवीर सारण ने बिजली विभाग द्वारा डिमांड नहीं भरने की शिकायत की। सारण ने जलदाय विभाग के ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की जिसका जनप्रतिनिधियों ने समर्थन किया। सूरजनसर सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने गांव लाखनसर में चार माह से मोटर खराब होने व बार बार शिकायत के बावजूद बदली नहीं जाने का आरोप लगाया। जाखासर सरपंच समुद्रसिंह ने गांव के ट्यूबवेल बन्द होने व ट्रांसफार्मर नहीं होने की बात कही। केऊ पुरानी में विभाग द्वारा दो साल से स्वीकृत ट्यूबवेल बनाने की मांग की। ऊपनी सरपंच रामेश्वरलाल ने बाना तक सड़क तैयार करवाने की मांग की। गांव में जेजेएम के तहत बने तीनो ट्यूबवेल फैल होने का आरोप लगाया व विद्युत विभाग द्वारा टूटे पोल नहीं लगाने पर विरोध जताया। बिग्गाबास रामसरा सरपंच लक्ष्मणराम जाखड़ ने जलदाय विभाग द्वारा लीकेज नहीं निकालने का आरोप लगाया। धीरदेसर चोटियान के रामचंद्र चोटिया ने गांव की गौशाला का ट्यूबवेल चार माह से बंद पड़े होने का आरोप लगाया। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पटवारियों के गांवो में नही जाने का आरोप लगाते हुए जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में बिजली पानी संबंधी मुद्दे छाए रहे।