






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 दिसंबर 2023। विश्व कल्याण के लिए श्रीडूंगरगढ़ के ताल मैदान में आयोजित 108 कुंडीय विष्णु महायज्ञ के धार्मिक अनुष्ठान में आज राष्ट्रीय संत सरजूदासजी महाराज पहुंचे। उनके आगमन पर यहां उपस्थित श्रद्धालुओं में उत्साह व भक्ति का संचार हुआ और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ फूलमालाओं से संत का अभिनंदन किया वहीं पगला बाबा ने उनकी खूब मान मनुहार की। बाबा ने प्रेम से उनका स्वागत करते हुए कहा कि अखिल भारतीय महामंडलेश्वर सरजूदासजी महाराज मानव कल्याण का मार्ग दिखाने के साथ ही श्रीराम झरोखा कैलाश धाम आश्रम के पीठाधीश्वर, अखिल भारतीय संत समिति के मंत्री, अखिल भारतीय संत समिति राजस्थान के संरक्षक, सर्व साधु सेवा समिति बीकानेर के अध्यक्ष, श्रीसियाराम गौशाला के अध्यक्ष सहित संत समाज के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते सभी के लिए प्ररेणीय व्यक्तित्व है। बाबा ने उनके द्वारा गत दिनों बीकानेर में परम श्रद्धेय संत रामभद्राचार्यजी के श्रीमुख से आयोजित रामकथा के आयोजन व 108 कुंडीय हवन कार्यक्रम के बारे में भी श्रद्धालुओं को जानकारी दी। संत सरजूदास जी महाराज ने पंडाल में स्थित देव मूर्ति के दर्शन किए। उन्होंने सभी का अभिनंदन स्वीकार करते हुए पगला बाबा द्वारा विश्व कल्याण के लिए किए जा रहें इस धार्मिक अनुष्ठान हेतु आभार जताया। महाराज ने श्रीडूंगरगढ़ वासियों के लिए मंगल की कामनाएं की व सभी श्रद्धालुओं को आयोजन में भागीदारी निभाकर पुण्य का भागी बनने की बात कही। इस दौरान अनेक श्रद्धालु मौजूद रहें व मंगल पाठ किया गया।






