






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 दिसंबर 2023। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के सातवें स्थापना दिवस पर नए साल की 7 जनवरी, रविवार को विराट कवि सम्मेलन का नया नवेला आयोजन होगा। नए वर्ष की शुरूआत में सभी पाठक सकारात्मक ऊर्जा, नए विचार व नई गति के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ें, इस हेतु टाइम्स द्वारा ऊर्जावान शब्द शिल्पकारों से मंच सजाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि अमन अक्षर, सुदीप भोला, श्रीराम भदावर, सुनील व्यास व शशिकांत यादव अपनी कविताओं के माध्यम से क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। टाइम्स के प्रबंधक विशाल स्वामी ने बताया कि टाइम्स द्वारा लगातार स्वस्थ मनोरंजन के विशाल कार्यक्रम श्रीडूंगरगढ़ वासियों के लिए करवाए जाते रहें है। गत वर्षों में टाइम्स ने सफलतम कार्यक्रम की श्रृंखला स्थापित की है और इसी क्रम में मेट्रो सिटी में होने वाले कवि सम्मेलन का मंच श्रीडूंगरगढ़ में सजाया जाएगा। स्वामी ने बताया कि पांचों ही ख्यातनाम कवि है जिन्हें यूट्यूब व फेसबुक पर करोड़ो लोगों द्वारा देखा व सुना जाता है। उन्हें श्रीडूंगरगढ़ में रूबरू सुनने का मौका मिलेगा। आयोजन में सभी पाठक सादर आमंत्रित है। वे सभी श्रीडूंगरगढ़ में पहली बार हो रहे विराट कवि सम्मेलन के शानदार आयोजन के साक्षी जरूर बनें।



