May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2024। रविवार रात श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के स्थापना दिवस पर हास्य रस, वीर रस व रामभक्ति रस की ऐसी धारा बही की श्रीडूंगरगढ़ आल्हादित हो गया। ग्यारह बजे बाद पांडाल में कोहरे ने प्रवेश कर लिया व कड़ाके की ठंड में भी कवियों ने जोश के साथ परिश्रम करते हुए शानदार कविताएं सुनाई और मध्यरात्रि बाद तक काव्यप्रेमी लोग पांडाल में डटे रहें। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के 7वें स्थापना दिवस के अवसर पर कस्बे के तेरापंथ भवन धोलिया नोहरे में भीखमचंद-सुशीलादेवी पुगलिया, सुमति-अमन-आयुष पारख, जगदीशप्रसाद-पवनकुमार-रणजीतकुमार धूपड़ एवं राजस्थान कृषि स्टोर सीआरआई मोटर पंप के सहयोग से आयोजित किए गए “राष्ट्रीय कवि सम्मेलन” में राष्ट्रीय स्तर के कवि शशिकांत यादव, सुदीप भोला, अमन अक्षर, राम भदावर, सुनील व्यास ने काव्य पाठ किया तो वाह वाह करते लोगों ने तालियों से पांडाल को गूंजा दिया। रात सवा बारह बजे तक चले सम्मेलन में लोगों की फरमाईशों को पूरा करते हुए कवियों ने सस्नेह काव्यपाठ किया। कवि शशिकांत यादव ने काव्य मंच का मनमोहक संचालन किया और अंत तक समा को बांधे रखा। सुदीप भोला ने बेटियों पर मार्मिक रचना सुनाई तो हर एक पिता ने अपने आप को ओर अधिक जिम्मेदार महसूस किया। उनकी वर्दियां वर्दिंया कविता पांडाल में छा गई व वहीं बैठे पुलिसकर्मियों ने उनका अभिनंदन किया। अमन अक्षर के राम गीत पर श्रोताओं की आंखे नम हो गई तो शबरी के लिए राम को आना ही था पंक्तियों ने मनों को भावों से भर दिया। राम भदावर ने वीर रस से ऐसे चित्र खींच दिए जिससे भुजाओं में जोश सा भर दिया। पद्मावती रचना सुनकर युवाओं ने उन्हें फूलमालाएं पहनाई। वहीं सुनिल व्यास ने सभी श्रोताओं को बचपन का स्मरण करवाते हुए हास्य रस की फुहारों से हंसी के ठहाके लगवाए। श्रोताओं ने कवियों को दाद देते हुए उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। कवि सम्मेलन का प्रारंभ भारत माता के पूजन व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पूर्व प्रधान दानाराम भामू को दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धाजंलि दी गई। कवि सम्मेलन के अध्यक्ष मधु आचार्य व मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत ने श्रीडूंगरगढ़ की जनता की ओर से सभी कवियों को राम मंदिर का प्रतिक चिह्न देकर शॉल ओढाया व फूलमालाएं पहनाई। टाइम्स की संपादक कपिला स्वामी ने सभी का स्वागत किया व प्रबंधक विशाल स्वामी ने सभी का आभार जताया। इस दौरान अतिथियों एवं टाइम्स के सहयोगियों का अभिनंदन भी किया गया।