






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2024। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के सातवें स्थापना दिवस पर यादगार समारोह का आयोजन किया गया। रविवार रात श्रीडूंगरगढ़ के तेरापंथ भवन (धोलिया नोहरा) में “राष्ट्रीय कवि सम्मेलन” में शशिकांत यादव, सुदीप भोला, अमन अक्षर, राम भदावर, सुनील व्यास ने प्रभावशाली काव्यपाठ किया। सम्मेलन में शहरवासियों के लिए की गई व्यवस्थाएं एवं राष्ट्रीय स्तर के कवियों के शानदार काव्य पाठ की चर्चा पूरे क्षेत्र में चारों ओर हो रही हैं। भवन में गद्दों पर बैठकर गर्म रजाई में गर्म मूंगफली के साथ, अनेकों ने जलते अलाव के साथ, सैंकड़ों काव्यप्रेमियों ने आयोजन में पूरे मन से कवियों को सुना। क्षेत्र में आयोजन के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना पूरे क्षेत्र में की जा रही है। लोगों ने टाइम्स के आयोजन पर विश्वास जताया। खूब हंसी के ठहाके लगे और श्रोताओं में नए साल में नई ऊर्जा का संचार हुआ। लोग दिल खोलकर हंसे और काव्य धारा में बहते हुए मार्मिक पंक्तियों पर दाद देते हुए स्नेह से भर गए। फेसबुक पर कवि सम्मेलन को 20 हजार नागरिकों ने देखा व सुना वहीं यूट्यूब पर भी करीब डेढ़ हजार लोगों ने कवि सम्मेलन को सुना व सराहा है।
टाइम्स की निरंतरता व विश्वसनीयता के लिए अनेकों संस्थाओं ने किया टाइम्स का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में प्रामाणिक व विश्वसनीय खबरों के लिए विशिष्ट पहचान बनाने व लगातार 6 वर्षों से निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए समारोह के दौरान अनेकों संस्थाओं ने टाइम्स का सम्मान किया। लॉयन्स क्लब श्रीडूंगरगढ़ ग्रेटर की ओर से अध्यक्ष मनोज गुसाईं, मंत्री पूनम सुथार, कोषाध्यक्ष हंसराज माली सहित महावीर माली व सत्यनारायण स्वामी ने सम्मान सौंपा। अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुमति पारख, मंत्री एडवोकेट रणवीरसिंह खिची, सरंक्षक विजयराज सेठिया ने टाइम्स का सम्मान किया। स्कूल एज्युकेशन वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) राजस्थान के राकेश व्यास, मनीष शर्मा, मनोज गुसाई सहित अनेक सदस्य मौजूद रहें व सम्मान दिया। वहीं तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता डागा, मंत्री संगीता बोथरा, मंजू पुगलिया, मंजू झाबक ने टाइम्स का सम्मान किया। लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी के डायरेक्टर राज सर व केकेसी कंपीटिशन, कम्प्यूटर क्लासेज के निदेशक रिछपालसिंह राजपूत व जयपुर पब्लिक स्कूल व रमन आईटीआई के कुंभाराम घिंटाला ने भी टाइम्स को सम्मान पत्र सौंपा। टाइम्स के प्रबंधक विशाल स्वामी ने सभी का आभार जताया।
















