






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जनवरी 2024। आज से ठीक एक माह बाद 10 फरवरी 2024 को जसनाथी सिद्ध परंपरा के गुरू हंसोजी महाराज की भव्य मूर्ति प्रतिष्ठा एवं भागवत कथा का विशाल धार्मिक अनुष्ठान गुरू हंसोजी की तपोस्थली गांव लिखमादेसर में आयोजित होगा। महंत भंवरनाथ ज्याणी के निर्देशन में आयोजित विशाल समारोह में शामिल होने का निमंत्रण के लिए दो टोलियां रवाना हुई है। ये टोलियां गांव-गांव पहुंच कर जसनाथी पंथ में निष्ठा रखने वाले लोगों को आमंत्रण दे रही है। एक टोली बीकानेर जिले में निमंत्रण दे रही है वहीं एक टोली जोधपुर, बाड़मेर, पाली क्षेत्र के गांवो में आमंत्रण पत्र देने पहुंच गई है। आयोजन 10 फरवरी से 16 फरवरी तक होगा व रोजाना हजारों श्रद्धालुओं के इसमें भाग लेने की संभावना है। कथा का वाचन भगवती भद्रकाली शक्तिपीठ राजलदेसर के पीठाधीश्वर स्वामी शिवेन्द्र स्वरूप महाराज करेंगे। इस दौरान दंडी स्वामी जोगेन्द्राश्रम जी महाराज, संत सोमनाथ जी महाराज का सान्निध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। मंदिर व मूर्ति प्रतिष्ठा जोधपुर के आचार्य पंडित जीवन किशोर जोशी के आचार्यत्व में संपन्न होगी व पंच कुण्डीय रूद्रमहायज्ञ रतनगढ़ के यज्ञाचार्य पंडित देवकीनंदन माटोलिया के निर्देशन में अनेक पंडितों द्वारा संपन्न करवाया जाएगा।







व्यापक तैयारियां प्रारंभ, 25 दिन में सजेगा पांडाल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर में होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। महंत भंवरनाथ ज्याणी के निर्देशन में यहां विशाल यज्ञशाला, भोजनशाला, विशाल धर्मशाला व मुख्य द्वार के भव्य निर्माण पूर्ण हो कर लिए गए है। आयोजन के लिए विभिन्न गांवो से श्रद्धालुओं को लाने व पुन: छोड़ने के लिए बसों का प्रबंध भी किया जाएगा। व्यवस्थाओं के लिए पांडाल सजाए जाएंगे जो करीब 25 दिनों में लगकर तैयार होगा। आयोजन में जसनाथी सिद्ध परंपरा के सैंकड़ो श्रद्धालु विभिन्न रूपों में अपनी सेवाएं दे रहें है।



