August 30, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2026। गांव धीरदेसर पुरोहितान में गत 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप्प होने से ग्रामीणों में रोष है। लंबे समय से पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों के साथ पशुओं के सामने पेयजल संकट गहरा गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को करीब 100 ग्रामीण पानी की होद पर चढ़कर धरने पर बैठ गए हैं।
धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि एक पखवाड़े से अधिक समय हो गया है और गांव की आबादी पानी के लिए तरस रही है। कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वे घरों में टैंकरों से आपूर्ति कर परेशान हो गए है। विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीणों में रोष का माहौल है। धरने पर रामनिवास स्वामी, नारायण सिंह राजपुरोहित, प्रभू सोनी, ओमप्रकाश सुथार, किशनाराम शर्मा, राजू भूकर, प्रेम सिंह राजपुरोहित, सेना से सेवानिवृत्त सत्यवान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। धरने पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते शीघ्र सुनवाई नहीं होने पर प्रदर्शन तेज करने की बात कही है। विभागीय अधिकारी मनीष रावत ने बताया कि दूसरा बूस्टर लगाने के लिए विभाग से कार्मिक बूस्टर लेकर रवाना हो गए है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।