






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जनवरी 2024। भजनलाल सरकार की गुरुवार को पहली कैबिनेट मीटिंग में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। इसमें राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की मुख्य परीक्षा की डेट बढ़ाने का निर्णय शामिल है। मिनिस्टर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश नहीं होगा। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दिन छुट्टी को लेकर कैबिनेट में कोई चर्चा नहीं हुई। आरएएस मेंस एग्जाम की डेट बढ़ाने के डिसीजन को भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने स्वागत योग्य बताया है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में सहानुभूति पूर्वक फैसला लिया गया है। दरअसल, आरएएस की मुख्य परीक्षा 27-28 जनवरी को होनी थी। डेट आगे बढ़ाने को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से राजस्थान यूनिवर्सिटी के बाहर धरने पर थे। हाल ही में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा भी इनसे मिलने पहुंचे थे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
कैबिनेट मीटिंग में क्या हुआ?
• गहलोत सरकार के अंतिम 6 महीनों में लिए गए नीतिगत फैसलों के रिव्यू के लिए भी कैबिनेट की बैठक में रिव्यू कमेटी गठन करने का फैसला। तीन महीने में जांच कर सौंपी जाएगी रिपोर्ट।
• कैबिनेट की बैठक में एक बार फिर से मीसा बंदियों की पेंशन शुरू करने को मंजूरी। भजनलाल कैबिनेट ने विभागों की 100 दिन की कार्ययोजना को भी मंजूरी दे दी है। कैबिनेट का मानना है कि इससे विभागीय कार्यों को समय पर पूरा किया जा सकता है।
• गहलोत सरकार ने भी अपने घोषणा पत्र को कैबिनेट की पहली बैठक में रखवा कर उसे सरकारी दस्तावेज घोषित करवाया था। इसी तरह भजनलाल शर्मा की कैबिनेट ने भी संकल्प पत्र को नीतिगत दस्तावेज घोषित किया है।
• एक परिवार को सब्सिडी पर हर महीने एक सिलेंडर दिया जाएगा।
• अन्नपूर्णा रसोई में 6 जनवरी से परिवर्तन। 450 ग्राम भोजन की जगह अब बढ़ाकर 600 ग्राम किया गया है। चपाती, दाल, सब्जी और मिलेट्स को शामिल किया गया है। पहले थाली 25 रुपए की होती थी, उसे बढ़ाकर 30 रुपए की गई है, इसमें 22 रुपए सरकार देगी।
• अवैध खनन को रोकने के लिए टीम बनाई गई है, इसकी निगरानी कलेक्टर करेंगे। वहीं, ईआरसीपी को लेकर भी काम शुरू करने की जानकारी दी गई।
• बजट से पहले 30 से 40 प्रतिशत संकल्प पत्र के काम पूरा करने का निर्णय।
• पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल और आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया के साथ धारीवाल के राजनीतिक सलाहकार की भी प्रतिमा लगाई गई, इनकी जांच होगी और कार्रवाई होगी
• आरएएस मेंस एग्जाम की तारीख को बढ़ाया गया, साथ में तय किया गया है कि यूपीएससी की तर्ज पर आरपीएससी भी परीक्षा का कैलेंडर जारी करेगी। परीक्षा संभवत: जून-जुलाई में हो सकती है।



