






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2020। विधायक गिरधारीलाल महिया ने क्षेत्र के युवाओं से आव्हान करते हुए श्रीडूंगरगढ में पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की बात कही। महिया ने कहा कि हमारे क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखकर आने वाले भविष्य के लिए आवश्यक है कि केवल फोटो खिचंवाने के लिए पौधारोपण नहीं किया जाए वरन् वास्तव में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाएं जाए। महिया ने कहा कि क्षेत्र के युवा ये जिम्मेदारी उठाएं कि जो पौधे लगाएं जाएं उनके बड़ा होने तक उनका पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कि जो भी संस्था पौधरोपण करें जिम्मेदारी पूर्वक उन्हें बड़ा करें जिससे बच्चों को हम एक बेहतर श्रीडूंगरगढ दे सकें। महिया ने ये संदेश इफको के तत्वाधान में अनामिका बहुउद्देश्यीय सेवा सहकारी सोसायटी के सहयोग से सूडसर में आयोजित नीम वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम में दिया। संस्था ने 800 नीम के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है जिसमें आज गांव के जमनदास मंदिर दुलचासर, शिव मंदिर सूडसर, तेजाजी मंदिर सूडसर, श्मशान घाट देराजसर, श्मशान घाट दुलचासर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दुलचासर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में शेरूणा थानाधिकारी अजय कुमार, पंचायत समिति सदस्य हेतराम बुड़िया, समाजसेवी सोहनलाल महिया, रामलाल भादू, सीताराम खोड़, सोहनदास स्वामी, रामनिवास नैण सहित इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय सिंह लांबा, विजय पाल सिंह, कविश भादू ने भाग लिया। सूडसर सहकारी समिति के व्यवस्थापक राकेश नैण ने सभी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पौधारोपण करने पर आभार व्यक्त किया।




