






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जनवरी 2024। रबि की फसल की मुख्य उपज गेंहू की सरकारी खरीद आगामी 10 मार्च से शुरू होगी। सरकार ने राजस्थान में गेंहू की समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद के लिए 470 खरीद केंद्र खोले गए है और बीकानेर में दस मंडियों में खरीद होगी। बता देवें इनमें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी में एक ही स्थान पर खरीद होगी। सोमवार को बीकानेर में नेफेड व राजफेड की बैठक होगी जिसमें श्रीडूंगरगढ़ में एक ओर सेंटर खोलने की मांग भी उठाई जाएगी। विभाग के नंदकिशोर शर्मा ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की जानकारी देते हुए बताया कि श्रीडूंगरगढ़ में गेंहू की उपज करने वाले किसानों की संख्या व पैदावार अधिक होने के कारण एक ओर सेंटर की मांग की जाएगी। शर्मा ने बताया कि खरीद प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी। इसमें किसानों को प्रति क्विंटल गेंहू के 2275 रूपए के साथ ही राज्य सरकार की ओर से 125 रूपए यानी कुल 2400 रूपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा। विभाग ने भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाया है और अब किसानों के बैंक खातों में महज 48 घंटे में गेंहू का भुगतान कर दिया जाएगा। प्रदेश के सभी खरीद केंद्र 10 मार्च से शुरू हो जाएंगे। 20 जनवरी से रजिस्ट्रेशन आरंभ करने के साथ ही करीब 60 हजार किसानों के मोबाइल पर एसएमएस भेजे जा चुके है। किसानों ने रजिस्ट्रेशन भी प्रारंभ कर दिया है।
गेंहू की खुली बिक्री करेगा एफसीआई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विभाग ने एमएसपी पर कम से कम एक लाख क्विंटल गेंहू की खरीद किए जाने के बाद उसे खुली बिक्री के माध्यम से आटा चक्की और इंडस्ट्रीयल फ्लोर मिलों को बेचने की कार्ययोजना बनाई है। विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने और गरीबों को राशन बांटने के लिए भी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करता है। उन्होंने बताया कि कोई भी किसान गिरदावरी के माध्यम से अपनी गेंहू की फसल को बेच सकेगा। इसके लिए उसे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के दौरान अपनी फसल का उल्लेख मात्र करना होगा।



