






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2020। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड क्षेत्र में कोरोना महामारी के फैलाव को रोकने के लिए पॉजिटिव को चिन्हित करने व कोरोना रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। विभाग अधिक से अधिक सैंपल लेने के लिए कोविड-19 के जांच शिविर एक साथ कई जगहों पर आयोजित कर रहा है। आज उपखंड क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 541 सैंपल लिए गए है। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीडूंगरगढ राजकीय अस्पताल में आज 141 नए सैंपल व 5 रिपीट सैंपल लिए गए है। आर्य ने बताया कि गांव मिंगसरिया में 160, अभयसिंहपुरा में 62, बापेऊ में 120 तथा बींझासर में 53 कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए है। आर्य ने कहा कि उपखंड के नागरिक जागरूक होकर सैंपल देवें जिससे संक्रमण को तुरंत प्रभाव से रोका जा सकें। आर्य ने कस्बे के नागरिकों से मास्क पहनने व कोरोना गाइड लाईन का पालन करने के साथ ही अधिक सैपंल देने की अपील की है। कोविड सेंटर में रहने वाले 7 मरीजों में से एक बैंककर्मी नेगेटिव रिपोर्ट हो गया है जिसे आज घर भेज दिया गया है और होम क्वारेंटाइन रहने को कहा गया है। 5 मरीजों के रिपीट सैंपल आज लिए गए है तथा एक पॉजिटिव सोनियासर मिठिया से गुरूवार रात को ही यहां लाया गया है।



