






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2020। तहसील के गांव जेतासर में चल रहे भूमि विवाद में एक और मुकदमा दर्ज हो गया है। इस भूमि विवाद में पूर्व में ही दो मुकदमे हुए थे एवं अब तीसरा मुकदमा और हो गया है। थानाधिकारी वेदपाल श्योराण ने बताया कि कस्बे के आड़सर बास निवासी जगदीश राठी ने जेतासर निवासी ओमप्रकाश नाई के खिलाफ दर्ज करवाए मुकदमें में आरोप लगाया है कि उनके संयुक्त खातेदारी खेत में न्यायालय द्वारा यथास्थिति का आदेश दिया हुआ है लेकिन आरोपी लगातार उनकी सींव को नुकसान पहुंचाता रहता है। आरोपी ने 13 अगस्त को उसके खेत में प्रवेश किया एवं ट्रेक्टर लेकर बुवाई शुरू कर दी। आरोपी ने उसकी सींव को भी नुकसान पहुंचाया एवं खेत में बने मकान का दरवाजा एवं खिडकी भी तोड़ कर ले गया। जगदीश राठी की परिवाद पर पुलिस ने मामला दर्ज कर खेत में बुवाई रूकवा दी है। मामले में आरोपी जेतासर के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि रहे एवं वर्तमान में भाजपा नेता के रूप में सक्रिय है। प्रकरण में ओमप्रकाश नाई का कहना है कि कांग्रेसी नेताओं के दबाव के कारण झुठे मामले दर्ज किए जा रहे है एवं मुझे मेरे हिस्से के खेत की बुवाई से भी रोका जा रहा है। पूर्व में भी कांग्रेस राज के समय झुठे मुकदमे करवाए गए थे जिन पर पुलिस ने ही जांच के बाद एफआर लगा दी थी।



