






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2020। कस्बे में सामाजिक दायित्व निभाने वाली संस्था नागरिक विकास परिषद द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिवंगत रामेश्वरलाल-पानादेवी जोशी की पुण्यस्मृति में रक्तदान शिविर शनिवार को संस्था भवन में आयोजित किया जाएगा। शिविर में मुख्य अतिथि भाजपा देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत होंगे और वे शनिवार सुबह 9 बजे शिविर को प्रारंभ करेंगे। शिविर प्रभारी रमेश कुमार प्रजापत ने बताया कि शिविर में अधिकाधिक रक्तदान के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने पूर्व पंजीयन भी करवा लिया है। शिविर की तैयारियों को कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम संस्था भवन में अंतिम रूप दे दिया गया है। शिविर में बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम युवाओं से रक्तदान करवाएगी। शिविर में सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक रक्तदान किया जा सकेगा। विदित रहे कि कोरोना महामारी के कारण पीबीएम चिकित्सालय में आ रही खून की कमी को दूर करने के लिए इस रक्तदान शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया है।



