






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 फरवरी 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक गौरव यहां बन रहे भव्यतम मंदिरों से बढ़ रहा है। ऐसे ही करोड़ों की लागत से नवनिर्माण होने के बाद क्षेत्र का प्रमुख तीर्थ बन चुके हंसोजी धाम लिखमादेसर में चल रहे सात दिवसीय धार्मिक आयोजन की पूर्णाहूति शुक्रवार को कई विशिष्ट आयोजनों के साथ होगी। यहां पर गुरू हंसोजी महाराज की जीवित समाधी पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा भी शुक्रवार को होगी। महंत भंवरनाथ ज्याणी ने बताया कि इस अवसर पर शुक्रवार को दिन में देव पूजन, सहस्त्र धारा अभिषेक, हवन, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, शोभायात्रा एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा व शाम को जसनाथजी महाराज का जम्मा अग्निक नृत्य का आयोजन किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को ही स्वामी शिवेन्द्र स्वरूप महाराज द्वारा सात दिवसीय भागवत कथा का समापन भी किया जाएगा। मंदिर प्रांगण में चल रहे विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रृद्धालू पहुंच रहे है एवं हंसोजी महाराज के धोक लगाकर मन्नतें मांग रहे है।
संतों का होगा अभिनंदन, दानदाताओं का होगा सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 फरवरी 2024। शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम में संत सानिध्य दे रहे महंत भंवरनाथ ज्याणी, दंडीस्वामी जोगेन्द्राश्रम महाराज, परमहंस सोमनाथ जी महाराज के प्रवचन भी होगें एवं संतों का अभिनंदन किया जाएगा। वहीं मंदिर प्रांगण में प्रमुख 27 बोलियों में भाग लेने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया जाएगा। विदित रहे कि मंदिर प्रांगण में जहां गुरू जसनाथजी के प्रति श्रृद्धा भाव रखने वाले सिद्ध समाज सहित विभिन्न जातियों के प्रमुख लोगों ने करोड़ों रुपए खर्च कर मंदिर को भव्य रूप दिया है। वहीं पूर्व सरपंच मुकननाथ ज्याणी एवं वर्तमान सरपंच सरस्वती देवी सिद्ध के कार्यकाल में करीब एक करोड़ से अधिक राशी ग्राम पंचायत द्वारा सीसी सड़कों, चारदिवारी व अन्य निर्माण कार्यों के माध्यम से मंदिर प्रांगण में खर्च की गई है।






