May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-02-15 at 19.36.09

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 फरवरी 2024। क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खबर अभी अभी निकल कर सामने आ रही है। यहां सर्मथन मूल्य पर मूंगफली की सरकारी खरीद की तिथि बढ़ाने की घोषणा कर दी गई है। इस घोषणा के बाद अभी तक खरीद करवाने से वंचित रहे किसानों को मौका मिल सकेगा। गौरतलब है कि केन्द्र सरकार द्वारा मूंगफली की गत फसल के लिए राजस्थान में 480803 मिट्रिक टन मूंगफली खरीद का लक्ष्य आंवटित किया गया था एवं यह खरीद 18 नवम्बर 2023 से शुरू होकर 90 दिन, 15 फरवरी 2024 के भीतर भीतर ही करने के आदेश थे। जिस पर राज्य के सहकारिता विभाग द्वारा 32,037 किसानों का पंजीयन करवाया गया था। लेकिन 15 फरवरी तक पूरे राज्य में केवल 12,015 किसानों से ही मूंगफली खरीद हो पाई है और खरीद बंद होने की तिथि तक अभी भी 20,022 किसानों की खरीद नहीं हो पाई। ऐसे में राज्य भर में किसान संगठनों, किसान नेताओं, विधायकों, प्रशासन आदि द्वारा लगातार खरीद बढ़ाने की मांग को उठाया गया था। श्रीडूंगरगढ़ में भी बड़ी संख्या में किसान खरीद से वंचित रह गए थे एवं श्रीडूंगरगढ़ में भी करीब 3 हजार किसान खरीद से वंचित रह गए थे। ऐसे में किसानों ने पूरे राज्य की तर्ज पर श्रीडूंगरगढ़ में भी खरीद की तिथि बढ़ाने की मांग पर प्रदर्शन किया गया था। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने भी इस संबध में ज्ञापन भेज कर मांग की थी। पूरे राज्य से उठ रही मांगों पर राज्य के सहकारिता विभाग के शासन सचिव ने केन्द्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव को पत्र भेजा एवं स्थिति से अगवत करवाया था। इसके बाद 16 फरवरी आज केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 15 दिन तिथि बढ़ाने की घोषणा कर दी गई है। अब वंचित किसान 1 मार्च 2024 तक अपना माल तुलवा सकेगें।