






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 फरवरी 2024। जिले में राज्य सरकार की पहल पर जन स्वा.अभि. विभाग जयपुर व जिला कलेक्टर बीकानेर के निर्देशों की अनुपालना में विभागीय पाईप लाइन, राईजिंग मैन एवं जल वितरण पाइप लाइनों पर किए गए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान प्रगति पर है। इसी अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ वासियों के लिए भी जरूरी खबर जलदाय विभाग की ओर से आई है। विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त रवैया अपना लिया है। यदि 28 फरवरी के बाद भी कोई अवैध कनेक्शन पाया गया तो कनेक्शन धारी के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने के एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग के जेईएन बजरंग परिहार ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा अवैध कनेक्शनों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। राईजिंग लाइन में कनेक्शन कतई नहीं जोड़ने दिए जाएंगे। जिन नागरिकों ने अवैध रूप से कनेक्शन कर रखा है वे 28 फरवरी से पहले डिमांड राशि भर कर कनेक्शन वैध करवा सकते है अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिल शीघ्र भरवा देवें अन्यथा भुगतना होगा मोटा जुर्माना।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जलदाय विभाग द्वारा बकाया राजस्व वसूल करने के लिए भी एक अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बकाया बिल भी गली-गली वितरित किए जा रहें है। शहर में सब्जी मंडी स्थित जेईएन कार्यालय में बिल जमा करवाये जा रहे हैं। सभी श्रीडूंगरगढ़ वासी अपने बकाया राजस्व तुरंत जमा करवाए अन्यथा 25 मार्च के बाद भी बकाया शेष रहने पर रहने पर बकाया वसूली विभागीय नियमानुसार की जाएगी। विभाग द्वारा 5000 से अधिक बकाया वाले कनेक्शनधारियों को नोटिस भी दिए जा रहें है। शहरी क्षेत्र में विभाग की टीम आगामी दिनों में मार्च माह के दौरान बकाया भरवाने व अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाईयां करने में लगातार सक्रिय रहेगी।





