






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 फरवरी 2024। बढ़ती नशे की प्रवृत्ति अनेक अपराधों की जननी है इसी विचार के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में समाज चितंको ने आज श्रीडूंगरगढ़ में रैली का आह्वान किया। दशहरा मैदान से रैली रवाना हुई तो सैंकड़ो विद्यार्थियों ने “नशा है नाश का द्वार” “बंद करो बंद करो नशे का व्यापार बंद करो” सरीखे नारों से गलियां गूंजा दी। बाजार में मोचीवाड़ा से गौशाला तक विद्यार्थियों की कतारें नजर आई। नशे के खिलाफ स्लोगन लिखकर तख्तियां हाथों में थामे छात्र छात्राएं मुख्य मार्ग से उपखंड परिसर तक पहुंचे। यहां नशे से दूर रहने व नशे के खिलाफ आवाज उठाने के संकल्प के साथ रैली पूर्ण हुई। रैली में भारती निकेतन शिक्षण संस्थान, ब्राइट फ्यूचर सीनियर सैंकडरी स्कूल, एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल, मॉडर्न राजस्थान सीनियर सैंकंडरी स्कूल, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, सूर्या पब्लिक सैकण्डरी स्कूल, दयानंद विद्या निकेतन, शिशु भारती पब्लिक स्कूल, बाल निकेतन स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय, रूपादेवी सीनियर सैंकडरी स्कूल, मदर इंडिया सीनियर सैंकडरी स्कूल, नानू देवी चांडक आदर्श विद्या मंदिर, ताल मैदान राउमावि स्कूल के छात्र, छात्राएं भी शामिल हुए। इस दौरान रैली के आयोजनकर्ता श्यामसुंदर आर्य व श्याम महर्षि ने सभी शिक्षण संस्थाओं व विद्यार्थियों का आभार जताया।
नशे का कुप्रभाव झेलते बच्चे व महिलाएं, बढ़ रहें है अपराध।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शराब के नशे में बर्बाद होते परिवार आपको अपने आस पास ही नजर आ जाएंगे। घर का मुखिया शराब का आदि हो तो उस घर के बच्चे व महिलाएं इसका कुप्रभाव झेलते है। नशे के कारण अपराध व सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही है। ये बात श्यामसुंदर आर्य ने रैली पूर्ण होने पर कही। आर्य ने कहा कि बच्चे जागरूक हो और जीवन की शुरूआत नशे के कुप्रभाव के साथ कतई ना करें। साहित्यकार श्याम महर्षि ने कहा कि बच्चे जागरूक होकर नशे के कुप्रभावों पर ध्यान देवें। नशे करने वाले कैंसर सहित अनेक भयंकर बीमारियों का शिकार ही नहीं होते वरन उनका घर परिवार तो नाश होता ही है सामाजिक जीवन भी नष्ट हो जाता है। रैली पूर्ण होने पर ज्ञापन लेते हुए तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा ने नई पीढ़ी को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। सुशील सेरड़िया ने संचालन करते हुए नशे के दुष्प्रभाव गिनवाए। इस दौरान श्रवणराम भांमू, बजरंग सेवग, गोविंदराम सोनी, रामचंद्र राठी, भंवरलाल भोजक सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहें। रैली में भाग लेने वाले विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाएं भी आयोजन में शामिल हुई।
नशे के खिलाफ जागरूकता जरूरी है, बताया सार्थक प्रयास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के मुख्य बाजार से रैली निकली तो राहगीरों व व्यापारियों ने आयोजन की सराहना की। अनेक व्यापारियों ने कहा कि आज हमारे क्षेत्र में युवा पीढ़ी को नशे से बचने की प्रेरणा देने की जरूरत है और ऐसे में जागरूकता रैली के माध्यम से किया गया ये सार्थक प्रयास है। नागरिकों ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए विद्यालयों में आयोजन होते रहने चाहिए। अनेक व्यापारियों ने समाज चिंतक श्यामसुंदर आर्य व श्याम महर्षि का आभार भी जताया।




