






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मार्च 2024। जीव जतन जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा निर्मित सदु देवी पारख राजकीय महाविद्यालय का लोकार्पण समारोह बुधवार रात से प्रारंभ हो गया है। बीती रात श्रीकरनी हेरीटेज में धम्म जागरण का कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां कमल सेठिया, रिया राखेचा व प्रिया पारख के दलों ने गीतों का संगान करते हुए संघ निष्ठा की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन पन्नालाल पुगलिया ने किया। सदुदेवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय का लोकार्पण समारोह पूर्वक नेशनल हाईवे पर स्थित महाविद्यालय प्रांगण में होगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री प्रेमकुमार बैरवा व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित अनेक नेता भाग लेंगे। विधायक ताराचन्द सारस्वत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। जतनलाल पारख सहित पारख परिवार आयोजन की तैयारियों में जुटा है। समारोह में मंत्री सुमित गोदारा, विधायक आचार्य बालमुकुंद, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में तेरापंथ समाज के प्रवासी व निवासी भाग लेंगे। कन्या महाविद्यालय सहित बीकानेर यूनिवर्सिटी के अनेक अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। क्षेत्र में कन्या महाविद्यालय निर्माण होने व इसके लोकार्पण समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
केंद्रीय मंत्री पहुंचे, विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह में शामिल होने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल दिल्ली से श्रीडूंगरगढ़ आज अलसुबह पहुंच गए है। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का स्वागत भाजपा नेता विनोदगिरी गुसाई व पूर्व जिला अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। अर्जूनराम क्षेत्र में आज विभिन्न आयोजनों में भाग लेंगे।








