






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2024। संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल द्वारा शनिवार रात हनुमान क्लब प्रागंण में शानदार वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। विशाल मंच पर अत्याधुनिक लाईट व साउंड सिस्टम के साथ स्कूल के विद्यार्थियों ने मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुतियां दी। हजारों की संख्या में शामिल अभिभावक व कस्बे के मौजिज लोगों ने आयोजन की भूरी भूरी सराहना की। कार्यक्रम में रामलीला की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह से खूब वाहवाही बटोरी। समारोह में भारत देश की राजस्थानी, पंजाबी, हरियाणवी, दक्षिण भारतीय संस्कृति से ओत प्रोत प्रस्तुतियों के साथ एसिड अटैक की विकराल समस्या पर प्रस्तुति ने आंखे नम कर दी। बच्चों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं के साथ बेटा बेटी एक समान का संदेश दिया वहीं चन्द्रयान-3 की सफलता पर इसरो के प्रति विद्यार्थियों ने सम्मान प्रकट करने वाली रोमांचक प्रस्तुति दी। शहीद भगतसिंह के जीवन पर आधारित प्रस्तुति में सजल नेत्रों ने लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए तो वहीं कचरे की समस्या उठाते हुए बच्चों ने स्वतंत्रता जितना स्वच्छता को जरूरी बताते हुए देश का साफ सुथरा रखने का प्रभावी संदेश दिया। वहीं छोटी कक्षाओं के बच्चों की प्रस्तुतियां ने भी अभिभावकों को रिझाया। बालक सिद्धार्थ सोनी द्वारा संस्कृत, हिंदी व अंग्रेजी में वार्षिकोत्सव की उपयोगिता बताकर खूब शाबासी बटोरी। इससे पूर्व समारोह का प्रारंभ अतिथियो ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। समारोह की अध्यक्षता अणुव्रत समिति के अध्यक्ष सुमति पारख ने की व विषिष्ट अतिथि के रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, सत्यनारायण भारद्वाज, युवा कांग्रेसी नेता हेतराम जाखड़, समाजसेवी बृजलाल तावनिया, सेवा संगठन के अध्यक्ष कोडाराम भादू व अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ईश्वरराम गरूवा मौजूद रहें। विद्यालय समिति के अध्यक्ष विनोद गिरी गुसाई ने सभी का आभार जताया व स्कूल के प्रबंधक मनोज गिरी गुसाई व ललिता गुसाई ने सभी का स्वागत किया। समारोह का प्रभावी संचालन विशाल स्वामी ने किया। सभी अतिथियों का साफा व दुपट्टा पहना कर स्वागत किया व मोंमेटो देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा व संस्कार की खान है बच्चे, स्कूल लाए उनमें निखार-सारस्वत, अतिथियों ने की प्रशंसा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा व संस्कार की खान है बच्चे और शिक्षण संस्थाओं में शिक्षक इसे निखारने का कार्य निष्ठापूर्वक करें। ये बात विधायक ताराचंद सारस्वत ने संस्कार इनोवेटिव स्कूल के आयोजन में कही। सारस्वत ने आयोजन को देश के गर्व, स्वाभिमान से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि हर एक कार्यक्रम में एक सकारात्मक संदेश दिया गया है जिससे नागरिक देश व समाज के प्रति और अधिक जिम्मेदार बन सकें। सारस्वत ने शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक ही वो जरिया है जिससे हमारे बच्चे अपनी प्रतिभा को पहचान सकते है और जीवन में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकत है। समारोह में अतिथि सत्यनारायण भारद्वाज ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्कूल स्टाफ का आभार जताया। स्कूल समिति अध्यक्ष विनोदगिरी गुसाई ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत समर्पित प्रयास स्कूल परिवार द्वारा किया जाना बताया। समारोह में कार्यक्रम प्रभारी सुरेंद्रसिंह राठौड़ व अंग्रेजी विषय के लिए सेवाए देने वाले राज सर सहित पूरे स्टाफ का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के लिए मैदान उपलब्ध करवाने के लिए क्लब समिति का आभार जताया गया। कार्यक्रम में विमल भाटी, महावीर माली, जगदीश स्वामी, बजरंग भांमू, विक्रम सिंह कोटड़िया, सहित अनेक मौजिज नागरिक, सैंकड़ो अभिभावक व निजी स्कूलों के संचालक भी शामिल हुए। सभी ने मुक्त कंठ से आयोजन की सराहना की।






















