






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अप्रैल 2024। ग्राम पंचायत सत्तासर के गांव लालासर में स्थित राउप्रावि में मतदान केंद्र बूथ 57 के मुख्य द्वार पर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। गुरूवार को स्कूल के विद्यार्थी सहित दो तीन ग्रामीणों पर भी इन जंगली मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। स्कूल के प्राचार्य ने गुरूवार को ही उपखंड अधिकारी के नाम पत्र लिखकर इन मधुमक्खियों द्वारा छात्रों, शिक्षकों व राहगीरों पर हमला कर देने की बात कहते हुए छत्ते को स्कूल के दरवाजे के पास से हटवाने की गुहार लगाई है। स्कूल प्रशासन ने सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को भी पत्र देते हुए ये छत्ता हटवाने की मांग की। इस पर सरपंच सुनील मलिक ने तुरंत एक्शन लेते हुए आज सुबह ही छत्ता हटाने की कार्रवाई स्वयं की और सभी मधुमक्खियों को मारकर छत्ता हटा दिया। ग्रामीणों ने सरपंच के कार्य की सराहना की और स्कूल स्टाफ ने उनका आभार जताया।
देशी जुगाड़ अपनाकर ऐसे हटा दिया छत्ता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरपंच सुनील मलिक ने कहा कि अक्सर छोटे-छोटे काम के लिए भी सरकारी मदद के लिए तकते रहने से कार्य नहीं होते और आमजन परेशान होते रहते है। कल ही जानकारी मिली की स्कूली छात्रों पर हमला कर इन मक्खियों ने कुछ बच्चों को चोटिल कर दिया। ऐसे में इंताजर करने से बेहतर है हम स्वयं की एक्शन लेते। स्कूल के शिक्षक अशोक कुमार के साथ मिलकर आज सुबह छत्ता हटा दिया गया है। सुनील मलिक स्वयं की गाड़ी में बैठे और शीशे बंद कर लिए। दूर खड़े ट्रेक्टर से अपने खेत से साथ लाए कीटनाशक लेमेडा का छिड़काव किया। मलिक ने बताया कि ट्रेक्टर से दवा छिड़काव बहुत प्रेशर से होता है। गाड़ी पर पाइप को सेट किया व ट्रेक्टर से छिड़काव शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सारी मधुमक्खियां मर गई व छत्ता हटाकर ग्रामीणों को राहत दी गई है।
अनेक गांवो में परेशान ग्रामीण लेवें समाधान की प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ अंचल में गत वर्ष से ही जंगली मधुमक्खियों का आतंक बढ़ गया है। अनेक गांवो में ग्रामीण सार्वजनिक स्थानों से बड़े बड़े छत्तों को हटवाने की मांग लगातार करते नजर आते है। गांव के सक्रिय युवक इस परेशानी से अपने गांवो को निजात दिलवा सकते है। ग्रामीण उस स्थान को खाली करवाकर छिड़काव की व्यवस्था कर सकते है। जिससे मधुमक्खियों को काटने से ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी।






