






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अप्रैल 2024। आज सुबह क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान की रोही में आगजनी की बेहद दु:खद घटना हुई है। क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन ये तीसरी घटना सामने आई है। इस घटना में धीरदेसर पुरोहितान के निवासी कानाराम पुत्र दिवंगत गोपालराम नाई अपनी पत्नी व चार पुत्रियों सहित खुले आसमान के नीचे आ गए है। बीते वर्ष बरसात में इस परिवार का मकान ढह गया था और आज काल के क्रुर मार से ढाणी में आग लगने से गृहस्थी बिखर गई है। किसान का परिवार सदमे है और बच्चियां जले हुए सामानों के अवशेष ढूंढ रही है। कानाराम ने बताया कि वे परिवार सहित रूपसिंह राजपुरोहित के खेत में काश्तकार के रूप में जीवन यापन का जुगाड़ कर रहें थे। आज खल्ला निकालने में परिवार व्यस्त था और छोटी पुत्री चाय बना रही थी। तभी अचानक झोंपडे ने आग पकड़ ली, बालिका ने आग लगने की सूचना दी परंतु ट्रेक्टर चलने के कारण उसकी आवाज माता पिता तक नहीं पंहुची। कुछ ही देर में हवा के साथ आग ने तीनों झोंपड़ो को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों झोंपड़े से लपटे उठने लगी। लपटों ने तीनों झोंपड़ो में जो भी सामान रखा था सारा जलाकर राख कर दिया। किसान परिवार ने बताया कि उनके झोंपड़े में श्रमिकों को देने के लिए रखी नगदी, गहने, गेहूं, चावल, कपड़े बिस्तर, बर्तन, सभी कुछ जलकर राख हो गया है। मौके पर गांव के श्रवणसिंह राजपुरोहित, युवा मोर्चा भाजपा सुरजनसर के प्रकाश नाई, मुन्निराम भूकर पहुंच गए है। ये युवा मिलकर गरीब परिवार के लिए राशन की व्यवस्था करवाने की जुगत में जुट गए है। वहीं सरपंच व पटवारी को सूचना दे दी गई है। आस पास के खेत पड़ौसी व ग्रामीण गरीब परिवार की मदद की अपील कर रहे है।







