






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2024। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा द्वारा अपना संकल्प पत्र रविवार को दिल्ली स्थित भाजपा हेडक्वार्टर में जारी किया गया है। भाजपा ने इसका नाम मोदी गारंटी दिया है एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह एवं रक्षा मंत्री राजनाथसिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने अलग – अलग वर्ग और क्षेत्र के लोगों को मंच पर बुलाकर संकल्प पत्र की पहली कॉपी सौंपी। ये वो लोग हैं, जिन्हें मोदी सरकार की पिछली किसी न किसी योजना का फायदा मिला। इसके साथ ही पिछले 10 साल के वादों और उन्हें पूरा करने पर बना एक वीडियो भी जारी किया। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भाजपा के घोषणा पत्र का विषय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ “मोदी की गारंटी: विकसित भारत 2047” पर फोकस होगा। पार्टी संकल्प पत्र में केवल उन्हीं वादों को शामिल करेगी, जो पूरे किए जा सकें। आप भी जानें के भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में क्या बड़े वायदे किए है जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भी किया है।
भाजपा संकल्प पत्र
- गरीबों के लिए मुफ्त राशन योजना 2029 तक देने का वादा।
- 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज का वादा।
- मुद्रा योजना के तहत लोन की सीमा 20 लाख रुपए की जाएगी।
- गरीबों को 3 करोड़ घर दिए जाएंगे।
- एक राष्ट्र, एक चुनाव और एक सामान्य मतदाता सूची प्रणाली शुरू की जाएगी।
15 लाख से ज्यादा लोगों के सुझावों से बनाया गया है संकल्प पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी मेनिफेस्टो के लिए 25 जनवरी 2024 को जनता से सुझाव मांगे थे। इसके बाद पार्टी को 15 लाख से ज्यादा सुझाव मिले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नमो ऐप के माध्यम से 4 लाख और वीडियो के माध्यम से 11 लाख लोगों ने अपने सजेशन पार्टी को दिए और उसी के आधार पर पार्टी ने अपना घोषणा पत्र विकास, समृद्ध भारत, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और किसानों पर केंद्रित रखा है।

भाजपा का पूरा संकल्प पत्र देखने के लिए नीचे दिए गए क्यूआर कोड़ को स्कैन करें।




