






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2024। मंगलवार दोपहर तीन बजे कस्बे में ऐतिहासिक धर्मयात्रा का आयोजन किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद की अगुवाई तथा आयोजन समिति के सदस्य भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटे है। समिति के संयोजक बृजलाल तावणियां ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में रामजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के बाद शहर में पहला बड़ा आयोजन हो रहा है और राम भक्तों द्वारा इसे भव्य बनाया जाएगा। तावणिया ने बताया कि रामनवमी पर निकलने वाली इस धर्मयात्रा में आस पास के गांवो से भी भगवाधारी भाग लेंगे। विहिप के युवा कार्यकर्ताओं की टोलियां गांवो में ग्रामीणों से संपर्क कर पीले चावल देकर यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दे रही है। कस्बे के वार्डों में भी सदस्यों द्वारा लगातार बैठकें कर वार्ड वासियों व मातृशक्ति को यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है। विहिप सहित बजरंग दल, दुर्गावाहिनी व मातृशक्ति संगठन की महिलाएं व युवतियां भी बड़ी संख्या में यात्रा में भाग लेगी। जगह जगह यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत होगा। पुराने बस स्टैंड के व्यापारियों द्वारा स्वागत की भव्य तैयारियों की जा रही है। मुख्य बाजार में यात्रा दोपहर सवा तीन बजे ताल मैदान के भूतनाथ मंदिर से रवाना होगी। काला मतवाला के पास से रानी बाजार, घास मंडी, गोपालदास स्वामी स्वीट्स, पुस्तकालय, मुख्य बाजार से घुमचक्कर होते हुए सिंधी कॉलोनी के शहीद हेमू कालानी पार्क में पूर्ण होगी। यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह व जोश है और बड़ी संख्या में लोग यात्रा में भाग लेंगे।







