






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2024। श्रीडूंगरगढ़ शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल हो गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे है और शहरवासियों में नाराजगी इतनी है कि पालिका कार्मिकों के नजर आने पर वे बुरा भला कहते हुए मारपीट पर उतारू हो रहें है। शहर के मुख्य मार्ग हो या हॉस्पिटल के पास, बाजार हो या शहर के सभी वार्डों में, मंदिरों के प्रवेश द्वार हो या मस्जिद का दरवाजा हो, शहर का गौरव घुमचक्कर चौराहा हो या शहर के स्कूल, चारों ओर सफ़ाई व्यवस्था बदहाल है। ओवर फ्लो नालियां, गंदगी व कुड़े के ढेर से नागरिकों का गलियों से गुजरना मुश्किल हो गया है। पालिका में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने, कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली की कमी होने की समस्या पहले ही थी और अब कोढ़ में खाज का काम कर रहा है सफाई टैंडर समाप्त होना। सफाई टैंडर 2023-24 का सफाई कर्मचारियों और ट्रैक्टर ट्रॉली का टेंडर 31 मार्च 2024 को पूरा हो गया। नया टैंडर नहीं निकलने के कारण सफाई की व्यवस्था बुरी तरह से गड़बड़ा गई हैं। पार्षद नागरिकों के उलाहनों से परेशान हो उठे है और लगातार नया टैंडर किए जाने की मांग कर रहें है।
रही सही कसर पूरी चुनावी माहौल ने कर दी है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहर में करीब एक लाख की आबादी है और यहां स्थाई सफाई कार्मिक मात्र 90 है। इनमें से 25 कार्मिक हाल ही में लोकसभा चुनाव की ड्यूटी कर रहें है वहीं 10 कार्मिक सरकारी दफ्तरों में नियुक्त हो रखे है। ऐसे में केवल 55 कार्मिकों व तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों के भरोसे शहर की सफाई व्यवस्था है जिससे व्यवस्था चरामरा गई है। सफाई का टैंडर नया हो जाता है या इसी टैंडर को आगे बढ़ा दिया जाता है तो 60 सफाई कर्मचारी व 15 ट्रेक्टर ट्राली मिल जाते जिससे नियमित सफाई व्यवस्था बनी रहने में मदद मिल पाती। अनेक पार्षद कार्यकारी ईओ पर उदासीनता के आरोप लगा रहें है। बता देवें यहां कार्यकारी ईओ संदीप विश्नोई की नियुक्ति 1 मार्च को हुई व ईओ पद पर विश्नोई ने 7 मार्च को जॉइन किया। वर्तमान में अधिकारी अपने तीन दिन के कार्यदिवस पर सीट पर मौजूद रहते है। सूत्रों का कहना है कि श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के चर्चित भ्रष्टाचारों की चर्चाओं के कारण वे वित्तीय स्वीकृतियां जारी नहीं कर रहें है और लगातार अपने तबादले के प्रयास कर रहें है।
धर्मयात्रा से पूर्व की वैकल्पिक व्यवस्था।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार को कस्बे में विशाल धर्मयात्रा का आयोजन होगा। यात्रा में हजारों लोगों के भाग लेने की संभावना है। ऐसे में गलियों में गंदगी के ढेरों से परेशान आयोजकों ने नेताओं से बातचीत की। इस पर पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा की पहल पर विधायक ताराचंद सारस्वत, भाजपा ओबीसी जिलाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाईं व विश्वकर्मा बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार द्वारा धर्मयात्रा के दौरान आज सफाई व्यवस्था दुरस्त करवाने की जिम्मेदारी ली गई है। चारों ही नेता अपने निजी खर्च से सफाई कार्मिक व ट्रैक्टर ट्रॉलियों की व्यवस्था कर रहें है जिससे मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था दुरस्त की जा सकें।















