May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-05-31 at 18.23.26

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 मई 2024। भीषण गर्मी से क्षेत्रवासियों के हाल-बेहाल है और बिजली कटौती व पेयजल किल्लत ने जन-जीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। कस्बे से गांवो तक बिजली व पानी के लिए परेशान लोग विभागों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की शिकायतें कर रहें है। विभाग भी हालातों के आगे घुटने टेक चुके है एवं निजी टैंकर वाले बेहद व्यस्तता के साथ चांदी कूट रहे है। निजी टैंकरों की व्यस्तता के कारण आमजन को मुंह मांगें रुपए देकर भी पानी के लिए टैंकर का इंतजार एक से तीन दिन तक करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में तो आगे से आगे तारीखों के टैंकर बुक है और पानी डलवाने को टैंकर भी नहीं मिल पा रहे है। गांव धीरदेसर चोटियान व सुरजनसर के जनप्रतिनिधियों ने जलदाय विभाग को कोसा और सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए है। अनेक सरपंच गांवो में निजी खर्च से पेयजलापूर्ति के प्रयास करने में जुटे है। हालांकि राज्य सरकार द्वारा जयपुर स्तर पर तो अधिकारियों को गांवो तक दौड़ने के निर्देश दिए गए है लेकिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इन अधिकारियों से किसी प्रकार का कोई फोलोअप लेने वाला नजर नहीं आ रहा। करोड़ों रुपए का बजट खर्च करने के बाद भी राज बदलने के साथ बदले गए ठेकों के कारण क्षेत्रवासी पानी-बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए भी त्रस्त ही नजर आ रहें है। पढें ग्राउंड रिपोर्ट-

महिलाओं ने किया प्रदर्शन, मांगा पानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स
। कस्बे के वार्ड 27 में शुक्रवार सुबह महिलाओं ने पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। महिलाओं ने सप्लाई पॉइंट पर पहुंच कर प्रदर्शन किया व पूरा पानी देने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि गत एक माह से टैंकर मंगवाने से घरों का बजट बिगड़ गया है। वार्ड के घरों में महिलाएं बुरी तरह से परेशान है और बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा सुनवाई नहीं करने के आरोप लगा रही है। महिलाओं ने पानी देने की खानापूर्ति किए जाने की बात कहते हुए पूरी आपूर्ति की मांग की। वार्ड पार्षद और पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरी पेयजल आपूर्ति करने की बात कही। जेईएन बजरंग परिहार भी मौके पर पहुंचे और चार्ट के अनुसार पूरी आपूर्ति देने के निर्देश विभागीय कार्मिक को दिए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड की महिलाओं ने किया प्रदर्शन, पालिकाध्यक्ष व विभागीय अधिकारी ने दिए निर्देश।

सुरजनसर में पेयजल संकट, ग्रामीणों के बीमार होने की आशंका, जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
सुरजनसर ग्राम पंचायत में पेयजल संकट से ग्रामीण बुरी तरह से प्रभावित है। सुरजनसर में ट्यूबवेलों में पानी नहीं है और रोजाना मोटरें जल रही है। गत दो वर्ष से नए ट्यूबवेल के सेंशन होने की बात तो अधिकारी कर रहें है परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि वे पेयजल की समस्याओं से बुरी तरह से परेशान है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। मेघवालों के मोहल्ले सहित अनेक स्थानों पर टैंकर से जलापूर्ति के प्रयास किए जा रहें है। शर्मा ने बताया कि पंचायत के गांव धीरदेसर पुरोहितान में करीब एक साल से कुंए में मेट घुलकर पानी आ रहा है। यहां विभाग को अनेकों बार सूचना दी और अधिकारियों को मौका मुआयना भी करवा दिया गया है। होद में मेट जमा हो गई है और कार्मिक पानी स्टोर करके पानी सप्लाई करने की बजाय सीधे सप्लाई कर देते है जिससे मिट्टी घुला पानी नलों में आता है। गांव के भैराराम सोनी, हंसराज नाई, मनोज कुमार सोनी, सीताराम नाई, जगमालसिंह, मुकेश सुथार, विष्णु सोनी ने नाराजगी जताते हुए बताया कि इस पानी से ग्रामीण बीमार हो सकते है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के ट्यूबवेल, सप्लाई भवन दीवारें, होद सभी दयनीय स्थिति में है और विभाग बुरी तरह से अनदेखी कर रहा है। पंचायत के वार्ड पंच भैराराम सुथार, मालाराम प्रजापत, लूणाराम डूडी, मुखराम सांसी, चेतनराम मेघवाल ने पीएचईडी पर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग द्वारा बिल्कुल सहयोग नहीं किया जा रहा है। पूरी पंचायत पेयजल संकट से जूझ रही है। नए ट्यूबवेल सेंशन होने की बात कहकर टाला जा रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धीरदेसर पुरोहितान में ये पानी हो रहा है घरों में सप्लाई।

गोपालसर में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
क्षेत्र में दुलचासर ग्राम पंचायत के गांव गोपालसर में दो ट्यूबवेल गत एक महिने से बंद पड़े है। आज ग्रामीणों आक्रोश जताते हुए विभाग पर सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खेलियां सुख गई है और बेसहारा पशु प्यास के मारे दर-दर भटक रहें है। एक ट्यूबवेल चल रहा है जिससे आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वार्ड पंच रेवंतराम मेघवाल ने बताया कि इस भीषण गर्मी में गांव के दो नलकूप खराब होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। जिम्मेदारों को कई बार अवगत करवा दिया परंतु कोई समाधान नहीं कर रहा है। ग्रामीण अपने स्तर पर ही आर्थिक सहयोग से टैंकर मंगवा कर पशुओं की खेळी में पानी डलवा रहे है। इस गर्मी के दौर में कई बार टैंकर भी उपलब्ध नहीं हो रहें है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। ग्रामीणों ने बंद पड़ें नलकूपों को शीघ्र चालू कराने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गोपालसर में ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, मांगा पेयजल।

बरजांगसर गौशाला में आपूर्ति टैंकरों से, नए ट्यूबवेल की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बरजांगसर में गौशाला का ट्यूबवेल करीब 15 दिन से बंद पड़ा है। गौशाला में ग्रामीण दानदाता द्वारा टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने गौशाला में जलापूर्ति की मांग करते हुए नए ट्यूबवेल का निर्माण करवाने की मांग की है। सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण सिद्ध ने बताया कि जेजेएम के तहत बने दो में से एक ट्यूबवेल पानी नहीं होने के कारण फैल हो गया है। यहां ट्यूबवेल ही नया बनाना होगा। सिद्ध ने बताया कि गौशाला में दूसरे ट्यूबवेल से अस्थाई कनेक्शन के लिए पाईप डालने का कार्य जारी है और शीघ्र ही आपूर्ति पूरी की जाएगी।

10 दिन से बंद है ट्यूबवेल, 6 मोटरें जली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर चोटियान में गत 10 दिन से गांव के मध्य स्थित एक ट्यूबवेल बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि खेलियां सुख गई है और बेसहारा पशुधन भी प्यास के मारे ईधर उधर भटक रहें है। वहीं सरपंच रामचंद्र चोटिया ने बताया कि गत 10 दिनों में 6 मोटरें जल गई है और वे निजी खर्च से मोटरें ठीक करवाकर तुरंत लगवाने का प्रयास कर रहें है। उन्होंने कहा कि वे विभाग पर निर्भर रहें बिना पेयजलापूर्ति के पूरे प्रयास कर रहें है। बिजली कटौती व कम वोल्टेज के कारण दो दिन पूर्व ही लगवाई गई एक नई मोटर भी केवल ढाई घंटे चलने के बाद जल गई। उन्होंने कहा कि खराब चार मोटरें ठीक करने के लिए कारखाने में मोटरें दी हुई है और ठीक होते ही लगा दी जाएगी।

सातलेरा व बिग्गा में खेतों में नहीं पहुंच रही है बिजली, किसान परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स।
ग्राम पंचायत बिग्गा में सातलेरा जीएसएस से ना तो किसानों को कृषि कनेक्शनों पर 6 घंटे बिजली मिल रही है और ना ही सिंगल फेस सप्लाई दी जा रही है। 10 दिन से आपूर्ति बाधित है। किसान दो हफ्तों से बिजली गुल रहने की बात कहते हुए आक्रोश जता रहें है। किसानों ने सुनवाई नहीं होने का आरोप लगा रहें है। किसानों का कहना है कि बई खेतों में अगेती की मूंगफली उगाव पर है और ऐसे में बिजली मिल ही नहीं है जिससे भीषण गर्मी में पानी की कमी से नुकसान की आशंकाओं ने परेशान कर दिया है। सांवरमल ने बताया कि किसान 6 घंटे बिजली देने की मांग कर रहें है। वहीं सरपंच जसवीर सारण ने बताया कि जीएसएस पर ट्रांसफार्मर कम पावर का है, यहां पूरी क्षमता के बड़े ट्रांसफार्मर की जरूरत जिससे आपूर्ति पूरी हो सकें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सातलेरा में नहीं मिल रही बिजली, किसान परेशान।