May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-06-02 at 13.31.13

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जून 2024। घरों में नि:शुल्क संगीतमय सुदंरकांड का पाठ करने वाले युवाओं की जय हनुमान सुदंरकांड टोली ने अंचल में एक महत्वपूर्ण बीड़ा उठाया है। मंडली के सदस्यों ने पर्यावरण सरंक्षण के क्षेत्र में एक नई पहल की है। मंडली द्वारा प्रण लिया गया है कि उनकी मंडली जिस घर में सुदंरकांड का पाठ करेगी उस घर में एक वृक्ष का पौधा भेंट देकर परिवार को उसके संरक्षण का संकल्प भी करवाएगी। मंडली ने शनिवार रात रामवतार सारस्वत के घर 144 वां सुदंरकांड का पाठ किया और परिवार को अशोक का पौधा भेंट कर उसके पालन का संकल्प भी करवाया। परिवार ने मंडली के सदस्यों का आभार जताया। परिवार सहित यहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस प्रयास की सराहना की। इन जागरूक युवाओं ने रविवार को जेठ की कृष्ण एकादशी से इस संकल्प पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। सदस्यों ने बताया कि मंडली के युवा अक्सर पर्यावरण पर चर्चा करते है। वे कहते है कि मानव जाति ही नहीं सभी जीव जंतुओं की भी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पेड़ो की जरूरत है। वहीं दूसरी और हमारे क्षेत्र में घट रहें भूमिजल के लिए भी वृक्षों का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मंडली के सदस्य समाज में अपना सकारात्मक सहयोग करते हुए लोगों को इस संबंध में जागरूक करेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर पेड़ लगाकर उनका पालन करने का आग्रह लोगों से करेंगे।

रिपोर्टों व संदेश ली प्रेरणा, हर घर को जोड़ने का प्रयास। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंडली के युवाओं ने बताया कि इस बार बढ़ी हुई अप्रत्याशित गर्मी पर आ रही रिपोर्टें और देश भर में पेड़ो की जरूरत पर आ रही रिपोर्टें सुनने व पढ़ने के साथ जिला प्रभारी सचिव आईएएस नवीन जैन व उपखंड अधिकारी उमा मित्तल का संदेश श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स में पढ़ने के बाद हमने श्रीडूंगरगढ़ को हरा-भरा करने का निर्णय लिया है। इस मुहिम में हर घर शामिल हो इसके लिए मंडली द्वारा सुंदरकांड के आयोजन में पौधा उपहार में देने व परिवार को उसके पालन का संकल्प दिलवाने कदम उठाया है। जिससे वो घर परिवार कम से कम एक पौधे का तो पालन करें। हम प्रयास करेंगे की श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को हरा भरा बनाने में अपना योगदान दे सकें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंडली सदस्यों ने की नई पहल, पौधा उपहार में देकर करवाया संकल्प।